मथुरा में 8 अक्टूबर से अग्रसेन जयंती महोत्सव:15 अक्टूबर तक चलेगा, पलक मुच्छल की स्टार नाइट से होगा समापन
मथुरा में श्री अग्रवाल सभा (रजि.), मथुरा के तत्वावधान में आठ दिवसीय अग्रसेन जयंती महोत्सव-2026 का आयोजन 8 से 15 अक्टूबर तक धूमधाम से किया जाएगा। महोत्सव का शुभारंभ समाज सेवा के कार्यक्रमों से होगा, जबकि 15 अक्टूबर को बॉलीवुड की प्रसिद्ध पार्श्व गायिका पलक मुच्छल की स्टार नाइट के साथ समापन होगा। शुक्रवार को दोपहर 1 बजे अग्रवाटिका में आयोजित पत्रकार वार्ता में सभा के पदाधिकारियों ने कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की। मुख्य चुनाव अधिकारी जयंती प्रसाद अग्रवाल और प्रधानमंत्री सुभाष अग्रवाल ने बताया कि 8 अक्टूबर को अग्रवाटिका में वृद्धाश्रम की महिलाओं को वस्त्र और खाद्य सामग्री वितरित की जाएगी। इसी दिन सृजन संस्था को सहयोग राशि दी जाएगी। 9 अक्टूबर को तिलकद्वार अग्रवाल धर्मशाला में निःशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर और अग्रवाटिका में दिव्यांग सेवा शिविर लगेगा। 10 अक्टूबर को रक्तदान शिविर और यमुनापार स्थित अग्रसेन घाट पर दीपदान होगा। 11 अक्टूबर को अग्रवाटिका में पुष्पांजलि समारोह, अग्रसेन चौक पर माल्यार्पण और कलश यात्रा निकाली जाएगी। इसके बाद धर्मशाला में ध्वजारोहण, हवन, सांस्कृतिक कार्यक्रम और सहभोज होगा। मुख्य जयंती संयोजक किशोर मित्तल और शोभायात्रा संयोजक रोहित अग्रवाल ने बताया कि 12 अक्टूबर को चंपा अग्रवाल इंटर कॉलेज, भरतपुर गेट से भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। यह घीया मंडी, चौक बाजार, विश्राम बाजार और छत्ता बाजार होते हुए होली गेट पहुंचेगी। सभा अध्यक्ष अशोक बंसल और मेला संयोजक अंकित बंसल ने बताया कि 13 से 15 अक्टूबर तक बीएसए डिग्री कॉलेज मैदान में विशाल अग्रसेन मेला लगेगा। पहले दिन सम्मान समारोह और विराट कवि सम्मेलन होगा। दूसरे दिन महिला समिति के सांस्कृतिक कार्यक्रम, नाटक और मुंबई के रॉक बैंड की भजन जैमिंग होगी। अंतिम दिन पलक मुच्छल की प्रस्तुति मुख्य आकर्षण रहेगी। पत्रकार वार्ता में महाराजा अग्रसेन, माता लक्ष्मी, सरस्वती, दुर्गा और 18 राजकुमारों के स्वरूपों को सम्मानित किया गया। पदाधिकारियों ने समाज के लोगों से महोत्सव में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)