मथुरा में छात्रा तनीषा बनीं एक दिन की BSA:बोलीं- स्कूलों में पढ़ाई के साथ सफाई और खेल भी जरूरी
मथुरा में मिशन शक्ति अभियान के तहत मंगलवार को उच्च प्राथमिक विद्यालय धौली प्याऊ की कक्षा आठ की मेधावी छात्रा तनीषा को सांकेतिक रूप से एक दिन का जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) बनाया गया। कार्यालय पहुंचने पर शिक्षा विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद तनीषा ने बीएसए की कुर्सी संभाली और स्कूलों में शिक्षा व्यवस्था बेहतर बनाने को लेकर अपनी प्राथमिकताएं बताईं। तनीषा ने कहा कि उनकी प्राथमिकता है कि सभी स्कूलों में अच्छी पढ़ाई हो और विद्यालय स्वच्छ व साफ-सुथरे रहें। सभी स्कूलों में बच्चों की उपस्थिति सुनिश्चित होनी चाहिए। बालिकाओं के लिए शौचालय, स्नानघर और अन्य जरूरी सुविधाएं बेहतर होनी चाहिए। पीने के पानी की भी अच्छी व्यवस्था होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि स्कूलों में पर्याप्त संख्या में शिक्षक उपलब्ध होने चाहिए और बच्चों को भी अपनी पढ़ाई पर अधिक ध्यान देना चाहिए। तनीषा ने स्कूलों में पढ़ाई के साथ खेलकूद को भी जरूरी बताते हुए कहा कि हर शनिवार बच्चों के लिए खेल गतिविधियां आयोजित की जानी चाहिए, ताकि उनका शारीरिक और मानसिक विकास हो सके। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रतन कीर्ति ने बताया कि मिशन शक्ति के तहत इस पहल का उद्देश्य बालिकाओं में आत्मविश्वास बढ़ाना और उन्हें नेतृत्व के लिए प्रेरित करना है। ऐसे आयोजनों से छात्राओं को प्रशासनिक व्यवस्था को करीब से समझने का अवसर मिलता है। कार्यक्रम के अंत में तनीषा को स्मृति चिह्न भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)