मथुरा में एमबीबीएस छात्र की सड़क हादसे में मौत:केडी मेडिकल कॉलेज के 24 वर्षीय छात्र को अज्ञात वाहन ने रौंदा

Oct 11, 2026 - 19:16
0
मथुरा में एमबीबीएस छात्र की सड़क हादसे में मौत:केडी मेडिकल कॉलेज के 24 वर्षीय छात्र को अज्ञात वाहन ने रौंदा
मथुरा के थाना छाता क्षेत्र में केडी मेडिकल कॉलेज के समीप रविवार को सड़क हादसे में 24 वर्षीय एमबीबीएस छात्र की मौत हो गई। छात्र सड़क पार कर रहा था, तभी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में उसकी जान चली गई। बेटे की मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया। रविवार को पोस्टमार्टम गृह पहुंचे परिजन गहरे सदमे में नजर आए। बेटे को खोने के दुख में वे कुछ बोल भी नहीं सके। मृतक की पहचान शशिबक्त पुत्र राम सुधा यैनी बैगर, निवासी थाना वीर बहोर, पटना, बिहार के रूप में हुई है। वह मथुरा स्थित केडी मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहा था। पढ़ाई के सिलसिले में वह मथुरा में रह रहा था। उसकी असमय मौत से परिवार के साथ कॉलेज के साथी छात्र भी गमगीन हैं। जानकारी के अनुसार, शनिवार रात करीब 9 बजे छात्र केडी मेडिकल कॉलेज के पास सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार से आए एक अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी गंभीर थी कि छात्र की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने हादसे की जानकारी छात्र के परिजनों को दी। रविवार दोपहर करीब 2 बजे परिजन पोस्टमार्टम गृह पहुंचे। वहां बेटे का शव देखकर उनका दुख असहनीय हो गया। परिजन गहरे सदमे में थे और कुछ भी बोल पाने की स्थिति में नहीं थे। परिवार के लोगों की आंखों से आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे थे। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। इसके बाद परिजन शव लेकर बिहार के लिए रवाना हो गए। एक युवा मेडिकल छात्र की सड़क हादसे में हुई मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा, वहीं केडी मेडिकल कॉलेज के छात्र भी इस घटना से शोक में डूब गए।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User