मथुरा में कार और ट्रैक्टर टकराने पर दो पक्ष भिड़े:भाजपा की पूर्व जिलाध्यक्ष पर TSI से मारपीट का आरोप; 3 पर FIR

Oct 05, 2026 - 07:47
0
मथुरा में कार और ट्रैक्टर टकराने पर दो पक्ष भिड़े:भाजपा की पूर्व जिलाध्यक्ष पर TSI से मारपीट का आरोप; 3 पर FIR
मथुरा के मंडी चौराहे पर रविवार रात कार और ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर के बाद हंगामा हो गया। आरोप है कि भाजपा की पूर्व जिलाध्यक्ष मधु शर्मा के पति देवाशीष शर्मा ने ट्रैक्टर चालक से मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंचे यातायात पुलिस के TSI राकेश कुमार के साथ भी मारपीट की गई। इससे वह सड़क पर गिर गए। हंगामे के कारण चौराहे पर जाम लग गया। जानकारी के मुताबिक, रविवार रात करीब 9 बजे मधु शर्मा अपने पति देवाशीष शर्मा और बेटे के साथ कार से मंडी चौराहे से गुजर रही थीं। इसी दौरान उनकी कार ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। हादसे के बाद दोनों पक्षों में कहासुनी होने लगी। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर देवाशीष शर्मा कार से डंडा निकाल लाए और ट्रैक्टर चालक से मारपीट करने लगे। हंगामा देखकर ड्यूटी पर तैनात TSI राकेश कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने दोनों पक्षों को शांत कराने की कोशिश की। आरोप है कि इसी दौरान देवाशीष शर्मा ने TSI से भी अभद्रता और मारपीट की। इससे TSI सड़क पर गिर गए। इसके बाद लोगों की मदद से मामला शांत कराया गया और पुलिस ने जाम खुलवाया। TSI ने घटना की जानकारी अधिकारियों को दी। एसपी सिटी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि TSI की तहरीर पर कोतवाली में मधु शर्मा, उनके पति और बेटे के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं, देवाशीष शर्मा ने अपने ऊपर लगे आरोपों को गलत बताया है। उनका कहना है कि ट्रैक्टर चालक ने उनकी कार में टक्कर मारी थी और मना करने के बाद भी कार को रगड़ते हुए निकल रहा था। उन्होंने TSI से मारपीट करने से भी इनकार किया। उनका आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने उनके साथ धक्का-मुक्की की, जिससे उनके हाथ में चोट लगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User