मथुरा में लेनदेन विवाद में युवक को पीट-पीटकर मारा:9 हजार के लिए हुआ झगड़ा, भाई ने 5 पर लगाया हत्या का आरोप
मथुरा के छाता क्षेत्र के गांव तरौली जनूबी में मंगलवार शाम करीब सात बजे पैसों के लेनदेन को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले। मारपीट में गंभीर रूप से घायल हुए 40 वर्षीय सुल्तान की बुधवार को उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद गांव में हलचल मच गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, गांव निवासी सुल्तान ने करीब छह महीने पहले विक्रम को नौ हजार रुपये उधार दिए थे। इसी रकम के लेनदेन को लेकर दोनों पक्षों के बीच काफी समय से विवाद चल रहा था। मंगलवार शाम करीब सात बजे इसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और उनके बीच लाठी-डंडों से मारपीट होने लगी। इस दौरान सुल्तान गंभीर रूप से घायल हो गए। उनकी चोटें इतनी गंभीर थीं कि उनकी मौत हो गई। मृतक के भाई ने पांच लोगों पर लगाया हत्या का आरोप घटना के बाद मृतक के भाई शेरा ने गांव के ही सुनील, राहुल, राजा, विक्की और विष्णु पर अपने भाई के साथ मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया है। परिजनों का आरोप है कि पैसों के लेनदेन के विवाद में सुल्तान पर हमला किया गया, जिससे उनकी जान चली गई। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है। पुलिस ने शुरू की कानूनी कार्रवाई घटना की जानकारी मिलते ही छाता थाना प्रभारी उमेश चंद्र त्रिपाठी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर मामले की जानकारी जुटाई। थाना प्रभारी के अनुसार, पीड़ित पक्ष की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपियों के संबंध में साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)