मथुरा में नवरात्रि पर खाद्य विभाग की छापेमारी:व्रत के खाद्य पदार्थों के 13 नमूने लिए, जांच के लिए लैब भेजे
मथुरा में नवरात्रि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को स्वच्छ और गुणवत्तायुक्त खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने सोमवार को जिले में सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक छापामार कार्रवाई की। सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय डॉ. जतिन कुमार सिंह के निर्देशन और मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी केके त्रिपाठी के नेतृत्व में खाद्य सचलदल ने विभिन्न प्रतिष्ठानों और निर्माण इकाइयों से व्रत में इस्तेमाल होने वाले खाद्य पदार्थों सहित कुल 13 नमूने संग्रहित किए। सभी नमूनों को जांच के लिए राजकीय खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया है। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने फरह स्थित प्रतिष्ठान से सिंघाड़े के आटे और कुट्टू के आटे का एक-एक नमूना लिया। छाता स्थित श्याम पनीर भंडार से घी, मंडी चौराहा से मूंगफली दाना और ट्रांसपोर्ट नगर से सिंघाड़े के आटे का नमूना संग्रहित किया गया। राया के रेतिया बाजार से साबूदाना और सादाबाद रोड से सिंघाड़े के आटे का नमूना लिया गया। इसके अलावा वृंदावन स्थित एक निर्माण इकाई से सिंघाड़े के आटे तथा महाविद्या स्थित निर्माण इकाई से कुट्टू के आटे और सिंघाड़े के आटे के नमूने लिए गए। बस स्टैंड के निकट स्थित प्रतिष्ठान से आइसकैंडी और मसानी रोड स्थित प्रतिष्ठान से मिल्क केक का नमूना भी जांच के लिए संग्रहित किया गया। विभाग के अनुसार, सभी नमूनों की जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद संबंधित खाद्य कारोबारकर्ताओं के विरुद्ध नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। छापामार दल में खाद्य सुरक्षा अधिकारी मोहर सिंह कुशवाह, दिनेश कुमार भारती, राम नरेश, धर्मेंद्र सिंह और नेहा शामिल रहे। खुले कुट्टू के आटे का प्रयोग न करने की अपील खाद्य सुरक्षा विभाग ने सभी खाद्य कारोबारकर्ताओं को निर्देश दिए हैं कि वे पैक्ड कुट्टू का आटा और अन्य व्रत संबंधी खाद्य पदार्थ ही बेचें, जिन पर निर्माण तिथि और उपयोग की अंतिम तिथि अंकित हो। विभाग ने चेतावनी दी कि मिलावटी या दूषित खाद्य पदार्थों के सेवन से फूड पॉइजनिंग की घटना होने पर संबंधित निर्माता या खाद्य कारोबारी की जिम्मेदारी तय कर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आमजन से नवरात्रि में खुले कुट्टू के आटे का इस्तेमाल नहीं करने की अपील की गई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)