मथुरा में फौजी के घर से 50 लाख की चोरी:तिजोरी तोड़कर जेवर-नकदी ले गए चोर, CCTV खंगाल रही पुलिस
मथुरा के थाना हाईवे इलाके में चोरों ने एक फौजी के घर को निशाना बनाया। बालाजीपुरम स्थित अलकापुरी कॉलोनी में हुई इस वारदात में चोरों ने तिजोरी तोड़कर करीब 40 से 50 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चुरा ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। सेना में तैनात जवान अनिल रावत के घर में यह चोरी हुई है। अनिल के पिता अमर सिंह ने बताया कि अनिल की पोस्टिंग बाड़मेर से तमिलनाडु स्थित एनएसजी में हुई थी। इस वजह से परिवार घर का सामान शिफ्ट करने की तैयारी में था। सामान शिफ्ट करने के बाद परिवार रात में अपने कमरे में सो गया। आरोप है कि इसी का फायदा उठाकर अज्ञात चोर घर में घुस गए। चोरों ने घर में रखी तिजोरी का ताला तोड़ दिया और उसमें रखे सोने-चांदी के जेवरात तथा नकदी लेकर फरार हो गए। पीड़ित परिवार के अनुसार, चोरी हुए सामान में सोने की चूड़ियां, हार, मंगलसूत्र, दो सोने की चेन, अंगूठियां, पेंडल और कानों के आभूषण शामिल हैं। इसके अलावा चांदी की चेन, पायल, बिछिया, लक्ष्मी-गणेश की मूर्ति, चांदी के सिक्के और अन्य आभूषण भी चोरी हुए हैं। चोर करीब पांच हजार रुपये की नकदी भी ले गए। चोरी की जानकारी होने पर परिवार में हड़कंप मच गया। थाना हाईवे पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। क्षेत्राधिकारी रिफाइनरी प्रवीण कुमार तिवारी ने भी मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए टीमें लगाई गई हैं। थाना प्रभारी अरविंद राठी ने बताया कि इस चोरी की घटना का जल्द खुलासा किया जाएगा और रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)