मथुरा-वृंदावन में सफाई कर्मियों की हड़ताल खत्म:आज से काम पर लौटेंगे कर्मचारी, 540 की नियुक्ति का प्रस्ताव बोर्ड बैठक में जाएगा
मथुरा-वृंदावन नगर निगम क्षेत्र में सफाई कर्मियों की विभिन्न मांगों को लेकर चल रही हड़ताल बुधवार को सौहार्दपूर्ण वार्ता के बाद समाप्त हो गई। नगर आयुक्त ओजस्वी राज और उत्तर प्रदेश सफाई मजदूर एकता मंच के पदाधिकारियों के बीच लगातार तीन दिनों से चल रही वार्ता में सहमति बनने के बाद सफाई कर्मियों ने बुधवार से काम पर लौटने का आश्वासन दिया। वार्ता में विभिन्न वार्डों के पार्षद, मनोनीत पार्षद जितेंद्र भारद्वाज और उपसभापति मुकेश सारस्वत भी मौजूद रहे। बैठक में 540 सफाई श्रमिकों की आपूर्ति और नियुक्ति से जुड़े मुद्दे पर चर्चा हुई। नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि सफाई श्रमिकों की आपूर्ति प्रक्रिया जून 2026 में शुरू की गई थी, लेकिन सदन से स्वीकृति नहीं मिलने के कारण प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी। सफाई श्रमिकों के मानदेय का भुगतान नगर निगम निधि से प्रस्तावित होने के चलते बोर्ड की स्वीकृति आवश्यक है। बोर्ड के समक्ष प्रस्ताव रखा जाएगा नगर आयुक्त ने बताया कि आगामी बोर्ड बैठक में सफाई श्रमिकों की आपूर्ति से संबंधित प्रस्ताव को प्राथमिकता के आधार पर प्रथम बिंदु के रूप में रखा जाएगा। बोर्ड की स्वीकृति के बाद नियमानुसार नियुक्ति प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी। इसके लिए महापौर से बोर्ड बैठक की तिथि निर्धारित कराने को पत्रावली भेजी जाएगी। बैठक में सफाई कर्मियों की सूची का नियमानुसार परीक्षण और छंटाई करने पर भी सहमति बनी। नगर निगम सीमा क्षेत्र से बाहर के व्यक्तियों को सूची से बाहर किया जाएगा। अतिरिक्त सफाई कर्मियों को आउटसोर्स के माध्यम से रखने के लिए निर्धारित प्राथमिकता और चयन प्रक्रिया के आधार पर सूची तैयार कर बोर्ड के समक्ष प्रस्ताव रखा जाएगा। सहयोग करने की अपील इस दौरान तीन अक्टूबर को चौराहे पर कूड़ा डालने के मामले को लेकर सफाई कर्मियों ने खेद जताते हुए कार्रवाई नहीं करने का अनुरोध किया। नगर आयुक्त ने कर्मचारियों से बाहरी लोगों के बहकावे में न आने और नगर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने में सहयोग करने की अपील की। सौहार्दपूर्ण वार्ता के बाद सफाई मजदूर एकता मंच ने हड़ताल समाप्त करने की घोषणा की और कर्मचारियों से तत्काल कार्य पर लौटने का आह्वान किया। नगर आयुक्त ने कहा कि सफाई कर्मी नगर निगम परिवार के महत्वपूर्ण सदस्य हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)