चारपाई पर लेटे 85 वर्षीय बुजुर्ग पर सांड का हमला:इटावा में चारपाई समेत रौंदा, गंभीर हालत में अस्पताल रेफर
इटावा के बकेवर थाना क्षेत्र के उझियानी गांव में बुधवार सुबह करीब 10 बजे घर के बाहर चारपाई पर आराम कर रहे 85 वर्षीय बुजुर्ग पर सांड ने अचानक हमला कर दिया। सांड ने बुजुर्ग को चारपाई समेत रौंद दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। दोपहर करीब 1 बजे बकेवर से उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनका उपचार जारी है। चारपाई पर लेटे थे बुजुर्ग उझियानी निवासी 85 वर्षीय लक्ष्मी कांत तिवारी अपने घर के बाहर चारपाई पर लेटे हुए थे। इसी दौरान वहां घूम रहा सांड अचानक उनकी ओर आया और उन पर हमला कर दिया। बुजुर्ग कुछ समझ पाते, इससे पहले ही सांड ने चारपाई समेत उन्हें रौंद दिया। चीख पुकार सुनकर जुटे ग्रामीण बुजुर्ग पर सांड का हमला होते देख आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया। परिजनों और ग्रामीणों की आवाज सुनकर काफी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। इसके बाद लोगों ने लाठी-डंडों की मदद से सांड को किसी तरह वहां से भगाया। सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर हमले में लक्ष्मी कांत तिवारी गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महेवा लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में बुजुर्ग का उपचार जारी है। दो दिन पहले भी हुआ हमला बुजुर्ग के नाती अनुराग ने बताया कि गांव में घूम रहा यही सांड पहले भी लोगों पर हमला कर चुका है। दो दिन पहले उसने उनके चाचा पर हमला किया था। अबीर बाबा को भी सांड ने घायल किया था। आवारा पशुओं से ग्रामीण नाराज अनुराग ने बताया कि घटना की शिकायत पशुपालन विभाग से की जाएगी। परिवार की ओर से गांव में घूम रहे आवारा पशुओं को गौशालाओं में भेजने के लिए प्रयास किए जाएंगे। लगातार हो रही घटनाओं के बाद ग्रामीणों में आवारा पशुओं को लेकर नाराजगी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)