मुजफ्फरनगर में पुलिस टीम को घेरकर आरोपी छुड़ाने का मामला:8 आरोपी गिरफ्तार, नामजद समेत 20 ग्रामीणों पर भी केस
मुजफ्फरनगर के शाहपुर थाना क्षेत्र के पलड़ी गांव में दबिश देने पहुंची पुलिस टीम को घेरकर वांछित आरोपी छुड़ाने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है। शाहपुर पुलिस ने शुक्रवार शाम करीब 5 बजे आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। मामले में करीब एक दर्जन नामजद और 15 से 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस टीम के साथ हंगामे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आया था। घटना 8 अक्टूबर की है। शामली के आदर्श मंडी थाने की पुलिस लूट के एक मुकदमे में वांछित मुजफ्फर पुत्र अजीज उर्फ जीजू को गिरफ्तार करने पलड़ी गांव पहुंची थी। कार्रवाई के दौरान शाहपुर थाने की पुलिस टीम भी मौजूद थी। आरोप है कि पुलिस ने वांछित आरोपी को हिरासत में लिया तो कुछ लोगों ने टीम के साथ गाली-गलौज और अभद्रता शुरू कर दी। लोगों ने पुलिस की गाड़ी रोककर कार्रवाई में बाधा डाली और हंगामे के बीच हिरासत में लिए गए आरोपी को छुड़ा लिया। वायरल वीडियो के बाद कार्रवाई तेज पुलिस टीम के साथ हुए हंगामे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इसके बाद शाहपुर पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने सभी को जेल भेज दिया है। 9 धाराओं और 7 सीएलए एक्ट में केस दर्ज शाहपुर थाने में मुकदमा अपराध संख्या 284/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 190, 191(2), 109(1), 127, 121, 132, 262, 352 और 351(2) के अलावा 7 सीएलए एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। मुकदमे में करीब एक दर्जन नामजद लोगों के साथ 15 से 20 अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)