मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन:फिरोजाबाद में सपाइयों ने पार्टी कार्यालय से कलेक्ट्रेट तक पैदल मार्च निकाला
फिरोजाबाद में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने गुरुवार दोपहर 1 बजे जिला मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। सपा कार्यकर्ता पार्टी कार्यालय से जुलूस के रूप में जिला मुख्यालय स्थित जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे। हाथों में तख्तियां लेकर कार्यकर्ताओं ने पैदल मार्च निकाला और रास्तेभर चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी की। कलेक्ट्रेट पहुंचने के बाद कार्यकर्ताओं ने धरना देकर अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की। प्रदर्शन के दौरान सपा कार्यकर्ताओं ने ‘मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दें’, ‘वोट चोर मिलेंगे बीजेपी के दफ्तर में’ और ‘लोकतंत्र के हत्यारों को फांसी दो’ जैसे नारे लगाए। कार्यकर्ताओं का आरोप था कि मतदाता सूची में बदलाव और वोटों से जुड़े मामलों को लेकर चुनाव आयोग की भूमिका पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। इसी के विरोध में पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व के आह्वान पर जिले में प्रदर्शन किया गया। सपा नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र में मतदाता और उसका वोट सबसे महत्वपूर्ण है। मतदाता सूची से नाम हटाए जाने और चुनाव प्रक्रिया को लेकर उठ रहे सवालों का पारदर्शी तरीके से जवाब दिया जाना चाहिए। नेताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से इस्तीफे की मांग दोहराते हुए कहा कि जब तक उनकी मांगों पर सुनवाई नहीं होती, पार्टी कार्यकर्ता लोकतांत्रिक तरीके से अपना विरोध जारी रखेंगे। पैदल मार्च के दौरान बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता शामिल रहे। प्रदर्शन को देखते हुए जिला मुख्यालय पर सुरक्षा व्यवस्था भी तैनात रही। सपा कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन देने और धरना जारी रखने की बात कही। राष्ट्रीय स्तर पर भी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्षी दलों का विरोध प्रदर्शन जारी है और इस्तीफे की मांग उठाई जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)