सहारनपुर में 284 ग्राम स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार:पुलिस ने कीमत 56.80 लाख रुपए बताई; नेटवर्क की तलाश में जुटी टीम
सहारनपुर की गागलहेड़ी पुलिस ने हिंडन नदी के पुराने पुल के पास चेकिंग के दौरान एक कथित नशा तस्कर को 284 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक बरामद स्मैक की कीमत करीब 56.80 लाख रुपये आंकी गई है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर उसके नेटवर्क की पड़ताल शुरू कर दी गई है। यह कार्रवाई गुरुवार दोपहर 12 बजे हुई है। पुलिस के अनुसार, पकड़ा गया आरोपी अब्दुल रहमान उर्फ मोनू पुत्र मेहरबान है। वह मिर्जापुर थाना क्षेत्र के गांव रायपुर का रहने वाला है। बुधवार को गागलहेड़ी पुलिस टीम हिंडन नदी के पुराने पुल के आसपास गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान संदिग्ध हालत में मिले अब्दुल रहमान की तलाशी ली गई। उसके कब्जे से 284 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह बाहर से स्मैक कम कीमत में खरीदकर लाता था। इसके बाद स्थानीय स्तर पर नशे के आदी लोगों को महंगे दामों पर बेचता था। पुलिस का दावा है कि आरोपी पहले भी कई बार बाहर से स्मैक लाकर यहां बेच चुका है। 284 ग्राम स्मैक की बरामदगी के बाद पुलिस अब सिर्फ आरोपी तक कार्रवाई सीमित नहीं रखना चाहती। उसके फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक खंगाले जा रहे हैं। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि स्मैक आरोपी को कहां से मिलती थी और सहारनपुर में इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाता था। नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका सामने आने पर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जा सकती है। गागलहेड़ी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया है। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपी को कोर्ट में पेश किया जा रहा है। यह कार्रवाई सहारनपुर परिक्षेत्र में चल रहे ‘ऑपरेशन सवेरा नशे के अंधकार से जीवन के उजाले की ओर’ अभियान के तहत हुई। कार्रवाई में वरिष्ठ उपनिरीक्षक अतुल कुमार, उपनिरीक्षक रणवीर सिंह, सतीश रौसा समेत पुलिस टीम शामिल रही।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)