मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने की मांग:संभल में भाकपा ने ने राष्ट्रपति के नाम सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा ज्ञापन
संभल में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने और एसआईआर प्रक्रिया पर रोक लगाने की मांग को लेकर शनिवार को भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई) के कार्यकर्ताओं ने सदर तहसील परिसर में प्रदर्शन किया। सहायक सचिव मोहम्मद हस्सान सम्भली के नेतृत्व में कार्यकर्ता दोपहर करीब 12 बजे सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय पहुंचे और राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा। भाकपा कार्यकर्ताओं ने कहा कि चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्था की कार्यप्रणाली पर जनता का विश्वास कायम रहना जरूरी है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान मुख्य चुनाव आयुक्त के कार्यकाल में मताधिकार से जुड़े गंभीर सवाल खड़े हुए हैं और विपक्षी दलों के साथ भेदभावपूर्ण व्यवहार किया जा रहा है। कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग की स्वतंत्रता और निष्पक्षता सुनिश्चित किए जाने की मांग उठाई। ज्ञापन के माध्यम से भाकपा ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को तत्काल पद से हटाने की मांग की। साथ ही एसआईआर की प्रक्रिया रोकने और मतदाता सूची से गलत तरीके से हटाए गए लोगों के नाम दोबारा शामिल कर उनका मताधिकार बहाल करने की मांग की गई। पार्टी ने चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति व्यवस्था में बदलाव की मांग भी रखी। इसके लिए प्रधानमंत्री, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और भारत के मुख्य न्यायाधीश की तीन सदस्यीय समिति गठित कर नियुक्तियां किए जाने का सुझाव दिया गया। ज्ञापन में सम्भल शहर से जुड़ी मांग भी शामिल रही। भाकपा ने चन्दौसी चौराहा या चौधरी सराय चौराहा पर महात्मा गांधी की प्रतिमा स्थापित किए जाने की मांग की। कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति से संवैधानिक मूल्यों और लोकतांत्रिक व्यवस्था की रक्षा के लिए ज्ञापन में उठाई गई मांगों पर आवश्यक कार्रवाई किए जाने की अपील की।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)