मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के तहत फ्री कोचिंग:मुरादाबाद में DM ने योजना का लाभ उठाने का आह्वान किया
उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी ‘मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना’ के तहत मुरादाबाद मंडल में गरीब एवं मेधावी छात्र-छात्राओं के लिए एक अनूठी पहल की गई है। प्रशासनिक स्तर पर की गई इस कवायद के तहत देश के प्रतिष्ठित कोचिंग संस्थान ‘फिजिक्स वाला’ के साथ एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए हैं। इस साझेदारी के बाद अब मंडल के सैकड़ों होनहार विद्यार्थियों को बिना किसी आर्थिक बोझ के देश और प्रदेश की प्रतिष्ठित सिविल सेवा व पुलिस भर्तियों की कोचिंग मिल सकेगी। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जिलाधिकारी अनुनय झा ने बताया कि यह योजना माननीय मुख्यमंत्री की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसका मूल उद्देश्य आर्थिक और सामाजिक रूप से पिछड़े वर्ग के प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को आवश्यक शैक्षणिक सहयोग व गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है, ताकि वे अपनी प्रतिभा के बल पर प्रशासनिक सेवाओं में अपना मुकाम हासिल कर सकें। उन्होंने बताया कि इस अभिनव पहल का आधिकारिक शुभारंभ आगामी 21 अक्टूबर को पंचायत भवन सभागार में किया जाएगा। प्रशासनिक अधिकारियों के मुताबिक, मंडलायुक्त श्रीमती संगीता सिंह के दिशा-निर्देशन में शुरू हो रहे इस विशेष बैच के लिए मुरादाबाद मंडल के कुल 316 विद्यार्थियों का चयन किया गया है। इन सभी छात्रों को संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी), उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (पीसीएस), यूपीपीईटी तथा उत्तर प्रदेश उपनिरीक्षक (यूपीएसआई) जैसी परीक्षाओं की तैयारी कराई जाएगी। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, इस निःशुल्क कोचिंग व्यवस्था का लाभ उठाने वाले छात्रों में सबसे ज्यादा संख्या संभल जिले की है। कुल चयनित 316 छात्रों में संभल से 92 विद्यार्थी, रामपुर से 82 विद्यार्थी, मुरादाबाद से 71 विद्यार्थी, अमरोहा से 40 विद्यार्थी, और बिजनौर के 31 विद्यार्थी शामिल हैं । जिला प्रशासन को उम्मीद है कि नामी संस्थान के शिक्षकों के मार्गदर्शन से इस क्षेत्र के ग्रामीण व वंचित वर्ग के छात्र भी अब सिविल सेवा परीक्षाओं में सफलता का परचम लहरा सकेंगे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)