नए एसपी का एक्शन, फरार इनामी अपराधियों की होगी गिरफ्तारी:मुख्तार अंसारी की पत्नी अफशां पर 10 केस, 50 हजार का इनाम
मऊ के नवागत पुलिस अधीक्षक सर्वेश कुमार मिश्रा कार्यभार संभालने के बाद से ही कानून-व्यवस्था को लेकर सक्रिय नजर आ रहे हैं। फरार और इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कार्रवाई तेज करने की तैयारी है। इसी क्रम में मऊ सदर विधायक अब्बास अंसारी की मां और दिवंगत विधायक मुख्तार अंसारी की पत्नी अफशां अंसारी की तलाश को लेकर पूछे गए सवाल पर एसपी ने पुलिस की रणनीति स्पष्ट की। जानकारी के अनुसार, अफशां अंसारी पर करीब 10 मामले दर्ज हैं। पुलिस लंबे समय से उनकी तलाश कर रही है। उनकी गिरफ्तारी के लिए 50 हजार रुपए का इनाम भी घोषित है। फरार और इनामी अपराधियों के लिए बनी हैं टीमें मीडिया से बातचीत में एसपी सर्वेश कुमार मिश्रा ने कहा कि जिले में फरार और पुरस्कार घोषित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित हैं। इन टीमों के कामकाज की सघन मॉनिटरिंग की जाएगी, ताकि फरार अपराधियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके। एसपी बोले- इनामी अपराधियों को गिरफ्त में लाने का प्रयास एसपी सर्वेश कुमार मिश्रा ने कहा, “देखिए, जितने भी हमारे फरार अपराधी हैं और जो पुरस्कार घोषित हैं, उसके लिए यहां पर टीम बनी हुई है। उनकी सघन मॉनिटरिंग करेंगे और प्रयास होगा कि जितने भी हमारे पुरस्कार घोषित अपराधी हैं, वे पुलिस की गिरफ्त में हों।” एसपी के बयान के मुताबिक, पुलिस फरार और इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी को प्राथमिकता देते हुए गठित टीमों की कार्रवाई पर नजर रखेगी। आने वाले दिनों में इस अभियान के तहत पुलिस को कितनी सफलता मिलती है, यह देखना होगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)