नई मीडिया टीम में अवनीश त्यागी को फिर जगह मिली:प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने नई सूची जारी की, समर्थकों में खुशी
प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की मंजूरी के बाद जारी हुई नई सूची, समर्थकों में खुशी मेरठ। भारतीय जनता पार्टी ने उत्तर प्रदेश में आगामी चुनावों को देखते हुए अपनी नई मीडिया टीम का गठन कर दिया है। शनिवार देर शाम प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की स्वीकृति के बाद पार्टी ने प्रदेश प्रवक्ताओं, मीडिया पैनलिस्टों, सह-प्रभारियों और क्षेत्रीय मीडिया संयोजकों की सूची जारी की। इसमें मेरठ के जागृति विहार निवासी अवनीश त्यागी को एक बार फिर प्रदेश प्रवक्ता की जिम्मेदारी सौंपी गई है। भाजपा की ओर से जारी नई सूची में पार्टी ने पुराने अनुभवी चेहरों के साथ कई नए नेताओं को भी मीडिया टीम में शामिल किया है। पार्टी का फोकस आगामी चुनावों के दौरान सरकार और संगठन की नीतियों को मजबूती से जनता तक पहुंचाने के साथ ही विपक्ष के मुद्दों पर प्रभावी तरीके से जवाब देने पर है। अवनीश त्यागी को दोबारा प्रदेश प्रवक्ता बनाए जाने के बाद मेरठ के भाजपा कार्यकर्ताओं और उनके समर्थकों में खुशी का माहौल है। नियुक्ति की जानकारी मिलते ही पार्टी कार्यकर्ताओं और परिचितों ने उन्हें फोन कर बधाई दी। समर्थकों ने कहा कि संगठन और मीडिया के बीच बेहतर समन्वय बनाने में अवनीश त्यागी की भूमिका महत्वपूर्ण रही है। भाजपा ने इस बार अपनी मीडिया टीम का दायरा भी बढ़ाया है। पार्टी ने प्रवक्ताओं के साथ मीडिया पैनलिस्टों और क्षेत्रीय स्तर पर मीडिया से जुड़े पदाधिकारियों को भी जिम्मेदारी दी है। माना जा रहा है कि नई टीम आगामी चुनावों के दौरान पार्टी के पक्ष को प्रभावी तरीके से रखने और विपक्ष के आरोपों का जवाब देने में अहम भूमिका निभाएगी। अवनीश त्यागी के दोबारा प्रदेश प्रवक्ता बनने को मेरठ के लिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पार्टी कार्यकर्ताओं का कहना है कि इससे पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भाजपा की मीडिया गतिविधियों को और मजबूती मिलेगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)