नेपाल से आए टूरिस्टों की कार से चोरी:प्रयागराज में शीशा तोड़कर कैश, नेपाली करेंसी के अलावा सिटिजनशिप कार्ड भी उड़ा ले गए
प्रयागराज में संगम स्नान के बाद अयोध्या दर्शन के लिए निकले नेपाल से आए टूरिस्ट परिवार के साथ चोरी की वारदात हो गई। झूंसी के अंदावा चौराहे पर रेस्टोरेंट में खाना खाने के लिए रुके परिवार की कार का शीशा तोड़कर चोर नकदी, मोबाइल फोन, पासपोर्ट, एटीएम कार्ड और नागरिकता प्रमाणपत्र समेत जरूरी सामान समेट ले गए। घटना दोपहर 1:30 बजे के करीब की है। पीड़ित की शिकायत पर झूंसी थाने में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। रेस्टोरेंट में खाना खाने रुका परिवार नेपाल के महोत्तरी जिले के मनराशिस्वा गांव निवासी सुनील कुमार ठाकुर परिवार के साथ प्रयागराज आए थे। संगम में स्नान करने के बाद मंगलवार को वे अयोध्या जा रहे थे। इसी दौरान दोपहर करीब 1:40 बजे झूंसी के अंदावा चौराहे स्थित ईंट एंड फिट रेस्टोरेंट पर खाना खाने के लिए रुके। परिवार के सदस्य रेस्टोरेंट में थे, तभी चोरों ने खड़ी कार का शीशा तोड़ दिया। इसके बाद कार में रखा सामान चोरी कर फरार हो गए। वापस लौटकर आने पर घटना का पता चलने पर परिवार ने पुलिस से शिकायत की। मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। 32 हजार भारतीय और पांच हजार नेपाली रुपये चोरी शिकायत के मुताबिक, चोर अनिषा पांडेय का पासपोर्ट, दो एटीएम कार्ड, दो रेडमी मोबाइल फोन, स्मार्टवॉच, परिचय पत्र, पांच हजार नेपाली रुपये और 30 हजार भारतीय रुपये ले गए। वहीं, बलिराम प्रसाद सिंह के दो एटीएम कार्ड, रेडमी मोबाइल फोन, नेपाली नागरिकता प्रमाणपत्र, परिचय पत्र, दो हजार भारतीय रुपये और घर की कुछ चाबियां भी चोरी हो गईं। इस तरह परिवार की शिकायत में कुल 32 हजार भारतीय रुपये और पांच हजार नेपाली रुपये की चोरी का उल्लेख है। इसके अलावा मोबाइल फोन और जरूरी दस्तावेज भी गायब हैं। चोरी गए सभी सामान की कुल कीमत का आकलन अभी स्पष्ट नहीं है। नौ लोगों के साथ यात्रा पर निकला था परिवार वाहन में चालक समेत सात लोग और दो बच्चे सवार थे। परिवार संगम स्नान के बाद अयोध्या जा रहा था। रास्ते में भोजन के लिए रुकने के दौरान हुई इस वारदात ने उनकी यात्रा के बीच मुश्किलें बढ़ा दीं। झूंसी पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज देखे जा रहे हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)