नगर निगम कार्यालय में दीवार-शेड गिरने से मौत:खुल्दाबाद में खुर्शीद की मलबे में दबकर जान गई, ठेकेदार पर कार्रवाई की मांग

Oct 08, 2026 - 15:28
0
नगर निगम कार्यालय में दीवार-शेड गिरने से मौत:खुल्दाबाद में खुर्शीद की मलबे में दबकर जान गई, ठेकेदार पर कार्रवाई की मांग
प्रयागराज सिटी जोन के खुल्दाबाद स्थित लकड़ी मंडी में नगर निगम के वार्ड कार्यालय के निर्माण के दौरान गुरुवार को बड़ा हादसा हो गया। निर्माणाधीन दीवार और शेड अचानक भरभराकर गिरने से उसके नीचे दबकर करेली निवासी खुर्शीद गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के मुताबिक, खुर्शीद किसी जरूरी काम से खुल्दाबाद स्थित नगर निगम कार्यालय गए थे। इसी दौरान कार्यालय परिसर में निर्माण कार्य चल रहा था। बताया जा रहा है कि अचानक निर्माणाधीन दीवार और उसके साथ लगा शेड गिर गया। इसकी चपेट में आने से खुर्शीद गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल मलबा हटाकर घायल खुर्शीद को बाहर निकाला। उनकी हालत गंभीर होने पर इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की जानकारी मिलते ही नगर निगम और पुलिस के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। घटना के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी देखने को मिली। लोगों का आरोप है कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का सही तरीके से पालन नहीं किया जा रहा था। निर्माण स्थल पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने के कारण यह हादसा हुआ। स्थानीय लोगों ने पूरे मामले की जांच कराने और हादसे के लिए जिम्मेदार ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। हादसे के बाद नगर निगम के निर्माण कार्य की गुणवत्ता और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माण कार्य वाले स्थान पर आने-जाने वाले लोगों की सुरक्षा के लिए जरूरी इंतजाम किए जाने चाहिए थे। फिलहाल पुलिस और संबंधित अधिकारियों की ओर से हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User