नगर निगम के गड्ढामुक्त सड़क के दावे फेल:3 महीने से 80 फीट रोड के डॉट नाले की मरम्मत अधूरी, जवाहर नगर में भी धंसा नाला
कानपुर की सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने के लिए नगर निगम, पीडब्ल्यूडी और पीडब्ल्यूडी एनएच की ओर से पैचवर्क और नवीनीकरण कराया जा रहा है। अधिकारियों की ओर से सड़क मरम्मत के दावे भी किए जा रहे हैं, लेकिन जमीनी हकीकत इन दावों पर सवाल खड़े कर रही है। शहर में धंसते डॉट नाले और क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत में हो रही देरी से लोगों की परेशानी कम होने का नाम नहीं ले रही है।
अशोक नगर में ब्रह्म नगर चौराहे से गुमटी नंबर-5 की ओर जाने वाली 80 फीट रोड पर त्रिदेव मंदिर के सामने पिछले तीन महीने से अधिक समय से डॉट नाला धंसने से गड्ढा बना हुआ है। मरम्मत का काम अधूरा होने से लोगों को रोजाना परेशानी उठानी पड़ रही है। वहीं, जवाहर नगर में कमला नेहरू पार्क उत्सव स्थल के सामने समेत अन्य इलाकों में भी डॉट नाले धंसने से यातायात प्रभावित हो रहा है। देखिए 3 तस्वीरें… तीन महीने बाद भी गड्ढा नहीं भरा अशोक नगर की 80 फीट रोड शहर के प्रमुख मार्गों में शामिल है। यह सड़क गुमटी और रामबाग सहित आसपास के इलाकों को जोड़ती है। ब्रह्म नगर चौराहे से गुमटी नंबर-5 की ओर जाने वाले इस मार्ग पर त्रिदेव मंदिर के सामने सड़क धंसने से बड़ा गड्ढा है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, तीन महीने से अधिक समय बीतने के बाद भी इसकी मरम्मत पूरी नहीं हो सकी है। सड़क पर पहले से मौजूद अन्य गड्ढों ने भी लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। डॉट नाले की मरम्मत अधूरी, राहगीर परेशान 80 फीट रोड पर रहने वाले अतुल नयन मिश्रा ने बताया कि त्रिदेव मंदिर के सामने बने गड्ढे के कारण सड़क पर निकलने के लिए पर्याप्त जगह नहीं बचती है। आसपास कई स्कूल होने की वजह से दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है। इसके बावजूद अब तक गड्ढे को नहीं भरा गया है। उन्होंने बताया कि समस्या लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन कोई अधिकारी या जनप्रतिनिधि इसकी सुध लेने नहीं पहुंच रहा है। धूल से परेशानी, लोगों को लगाना पड़ रहा लंबा चक्कर स्थानीय निवासी अशोक मिश्रा ने बताया कि 80 फीट रोड पर यह समस्या तीन से चार महीने से बनी हुई है। मरम्मत का काम शुरू तो हुआ, लेकिन अब बंद पड़ा है। सड़क पर तीन से चार अन्य जगहों पर भी गड्ढे हैं। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को आने-जाने में परेशानी होती है। क्षतिग्रस्त हिस्सों से उड़ने वाली धूल भी लोगों के लिए मुसीबत बनी हुई है। उन्होंने बताया कि सड़क बंद होने और रास्ता संकरा होने से लोगों को वैकल्पिक मार्गों का सहारा लेना पड़ रहा है। इससे रोजाना आवाजाही में अतिरिक्त समय लग रहा है। वहीं, आसपास के दुकानदारों का कहना है कि रास्ता बाधित होने से ग्राहकों की आवाजाही प्रभावित होती है और कारोबार पर भी असर पड़ रहा है। रोजमर्रा के काम से निकलने वाले लोगों से लेकर स्कूल जाने वाले बच्चों और वाहन चालकों तक को इस समस्या का सामना करना पड़ रहा है। डॉट नाला मरम्मत में देरी से बढ़ी मुश्किल शहर के कई इलाकों में पुराने ब्रिटिशकालीन डॉट नालों के क्षतिग्रस्त होने से सड़कें धंसने की समस्या सामने आ रही है। अशोक नगर में महाराजा डेयरी के सामने करीब 15 जुलाई को सड़क धंस गई थी। खुदाई के दौरान यहां ब्रिटिशकालीन डॉट नाला क्षतिग्रस्त मिला। स्थानीय स्तर पर मरम्मत का काम शुरू होने के बावजूद सड़क की समस्या लंबे समय तक बनी रहने से लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। जवाहर नगर में कमला नेहरू पार्क उत्सव स्थल के सामने भी पिछले 10 दिनों से डॉट नाला धंसने से राहगीरों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पुराने नालों की स्थिति और उनकी मरम्मत में देरी ने सड़क सुधार के कामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जब तक क्षतिग्रस्त नालों की समस्या का स्थायी समाधान नहीं होता, तब तक सड़कों के धंसने और यातायात प्रभावित होने का खतरा बना रहेगा। पार्षद बोले- वार्ड के साथ हो रहा सौतेला व्यवहार वार्ड 37 के पार्षद पवन गुप्ता ने कहा कि क्षेत्र में समस्याओं का अंबार लगा हुआ है। 80 फीट रोड पर गड्ढे की समस्या को करीब तीन महीने से ज्यादा का समय बीत चुका है, लेकिन काम पूरा नहीं हो सका है। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर निगम उनके वार्ड के साथ सौतेला व्यवहार कर रहा है। यह मुख्य मार्ग होने के बावजूद भी मरम्मत अधूरी रहना क्षेत्र की जनता के साथ अन्याय है। उन्होंने कहा कि जब शहर को गड्ढामुक्त बनाने के लिए अभियान चल रहा है, तो 80 फीट रोड जैसे प्रमुख मार्ग पर तीन महीने से अधिक समय से बने गड्ढे की मरम्मत क्यों नहीं हो सकी है। यहां काम की धीमी रफ्तार का खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है। पार्षद पवन गुप्ता ने कहा कि नगर निगम और संबंधित विभाग क्षतिग्रस्त डॉट नालों की मरम्मत के साथ सड़कों को भी जल्द दुरुस्त करें, ताकि लोगों को रोजाना लगने वाले जाम, धूल और लंबे चक्कर से राहत मिल सके।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)