नगर निगम ने 50 जगहों से हटवाया अतिक्रमण:भारत माता चौक से पुरानी चुंगी और पुल जोगियान से पुल खुमरान तक पहुंची टीम, सड़क पर सामान रखने वालों पर कार्रवाई
सहारनपुर में शहर की सड़कों और सार्वजनिक स्थानों को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए नगर निगम ने गुरुवार को दो अलग-अलग क्षेत्रों में कार्रवाई की। प्रवर्तन दल ने भारत माता चौक से पुरानी चुंगी और पुल जोगियान से पुल खुमरान के बीच अभियान चलाया। टीम ने सड़क किनारे किए गए अस्थायी कब्जों को हटवाते हुए 50 से अधिक स्थानों को खाली कराया। कार्रवाई के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों पर जुर्माना भी लगाया गया। निगम ने करीब 5,500 रुपए की वसूली की। नगरायुक्त के निर्देश पर जोन एक प्रभारी एवं सहायक नगरायुक्त जेपी यादव के मार्गदर्शन में प्रवर्तन दल मौके पर पहुंचा। टीम ने दुकानों के बाहर सड़क तक फैलाए गए सामान को हटवाया। कई जगह दुकानदारों ने बिक्री या अन्य काम के लिए सड़क पर ही सामान जमा कर रखा था। इससे आने-जाने वाले लोगों को परेशानी हो रही थी। कार्रवाई के दौरान सड़क पर रेत और बजरी डालकर रखने वालों के खिलाफ भी चालान की कार्रवाई की गई। इसके अलावा लकड़ी की चौखट और फर्नीचर सड़क किनारे रखकर रास्ता घेरने वाले दुकानदारों को भी कार्रवाई की जद में लिया गया। कुछ ढाबों के बाहर सड़क की तरफ तंदूर रखे मिले। प्रवर्तन दल ने इन्हें भी हटवाया और संबंधित लोगों के चालान किए। नगर निगम की टीम ने मौके पर दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सड़क, फुटपाथ या अन्य सार्वजनिक जगह पर सामान रखकर रास्ता बाधित न किया जाए। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि दोबारा अतिक्रमण मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम अधिकारियों के मुताबिक शहर के अलग-अलग हिस्सों में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। कार्रवाई में प्रवर्तन दल के रणदीप सिंह, विक्रम सिंह, शिवकुमार, अमित कुमार, नितिन सिंह, विकास कुमार और मेहरबान अली समेत अन्य कर्मचारी शामिल रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)