नगर निगम ने तेज की दुर्गा पूजा की तैयारी:विसर्जन के लिए बनाएं गए आर्टिफिशियल तालाब; CCTV और कंट्रोल रूम से होगी निगरानी
गोरखपुर में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन को लेकर नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। विसर्जन मार्ग पर जगह-जगह निर्माण और ध्वस्तीकरण का मलबा मिलने पर नगर आयुक्त ने इसे रोजाना हटवाने के निर्देश दिए। वहीं, हासुपुर में साइड पटरी पर इंटरलॉकिंग का काम अधूरा मिलने पर इसे रात में भी कराकर जल्द पूरा करने को कहा। नगर आयुक्त ने नगर निगम की टीम के साथ बक्सीपुर चौराहे से घंटाघर होते हुए हासुपुर बर्फखाना तक विसर्जन मार्ग का निरीक्षण किया। इसके बाद राजघाट स्थित कृत्रिम विसर्जन पोखरों की तैयारियां देखीं। नगर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नवरात्रि और दुर्गा पूजा से पहले सड़क मरम्मत, साफ-सफाई, पथ प्रकाश, जल निकासी और सुरक्षा से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं, ताकि बड़ी दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं को परेशानी न हो। लटकते तार और पेड़ों की टहनियां हटाने के निर्देश निरीक्षण के दौरान विसर्जन मार्ग पर कई जगह निर्माण और ध्वस्तीकरण का मलबा मिला। इस पर मुख्य अभियंता को निर्देश दिया गया कि मलबे को रोजाना कंस्ट्रक्शन एंड डेमोलिशन (सीएंडडी) सेंटर भेजा जाए। पथ प्रकाश व्यवस्था की समीक्षा करते हुए सहायक अभियंता मोहित को पूरे मार्ग पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने और लटकते बिजली के तार तत्काल ठीक कराने को कहा गया। मार्ग पर निराश्रित गोवंश घूमते मिलने पर पशु कल्याण अधिकारी को कैटल कैचर वाहन से रोजाना गोवंश पकड़कर कान्हा उपवन भेजने के निर्देश दिए गए। वहीं, जोनल सेनेटरी अधिकारी अखिलेश श्रीवास्तव को पूरे मार्ग पर नियमित सफाई कराने को कहा गया। हासुपुर में साइड पटरी की इंटरलॉकिंग अधूरी मिलने पर मुख्य अभियंता को रात में भी काम कराकर इसे जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए गए। बड़ी दुर्गा प्रतिमाओं के आवागमन में पेड़ों की लटकती टहनियां बाधा बन सकती हैं। इसे देखते हुए अवर अभियंता अवनीश भारती को तत्काल टहनियों की छंटाई शुरू कराने को कहा गया। राजघाट के तीन पोखरों से निकलेगा बाढ़ का पानी विसर्जन की तैयारियों के तहत नगर आयुक्त ने राप्ती नदी के किनारे राजघाट में बनाए गए तीन कृत्रिम पोखरों का भी निरीक्षण किया। बाढ़ का पानी भरने के कारण पोखरों में विसर्जन की तैयारियां प्रभावित हुई थीं। जलस्तर कम होने के बाद एकला बांध से पोखरों में भरे पानी को पंप के जरिए नदी में निकाला गया। नगर आयुक्त ने अधिशासी अभियंता अशोक भाटी को निर्देश दिए कि पोखरों से पानी निकालकर उनकी समुचित सफाई कराई जाए और विसर्जन के लिए स्वच्छ पानी भरने की व्यवस्था की जाए। पोखरों के सूखने के बाद तीनों तक श्रद्धालुओं की आवाजाही आसान बनाने के लिए चकर्ड प्लेट बिछाने को भी कहा गया। बैरिकेडिंग, सीसीटीवी और कंट्रोल रूम की होगी व्यवस्था विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए नदी की ओर बैरिकेडिंग कराई जाएगी। इसके साथ ही कंट्रोल रूम स्थापित करने, पब्लिक एड्रेस सिस्टम लगाने, सीसीटीवी कैमरे और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। श्रद्धालुओं को सुरक्षा संबंधी जानकारी देने के लिए फ्लेक्स, बैनर और पोस्टर लगाए जाएंगे। विसर्जन मार्ग पर जरूरी साइनेज भी लगाए जाएंगे, ताकि श्रद्धालुओं को रास्ते और जरूरी दिशा-निर्देशों की जानकारी मिल सके। नगर आयुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को नियमित निगरानी करते हुए तय समयसीमा में काम पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)