अखिलेश के गढ़ में आज ओवैसी की जनसभा:आजमगढ़ में 50 हजार लोगों के जुटने का दावा, पूर्वांचल में सियासी ताकत दिखाने की तैयारी
AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी रविवार को आजमगढ़ में जनसभा करेंगे। दीदारगंज विधानसभा क्षेत्र में अमौड़ा टोल प्लाजा के पास आयोजित इस कार्यक्रम को 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी की सियासी तैयारियों के तौर पर देखा जा रहा है। AIMIM के जिला अध्यक्ष नदीम आरिफ ने 50 हजार से अधिक लोगों के जुटने का दावा किया है। पार्टी पदाधिकारी देर रात तक सभा स्थल पर तैयारियों में जुटे रहे। समाजवादी पार्टी के प्रभाव वाले आजमगढ़ में ओवैसी की जनसभा को राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है। AIMIM प्रदेश में अपनी चुनावी मौजूदगी बढ़ाने की तैयारी कर रही है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली ने करीब दो महीने पहले दैनिक भास्कर से बातचीत में 2027 के विधानसभा चुनाव में 200 सीटों पर चुनाव लड़ने का दावा किया था। ऐसे में आजमगढ़ में होने वाली यह जनसभा पार्टी के लिए कार्यकर्ताओं को जुटाने और पूर्वांचल में अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने का मौका मानी जा रही है। 2022 में मुबारकपुर सीट पर AIMIM को मिले थे 36 हजार से ज्यादा वोट 2022 के विधानसभा चुनाव में AIMIM ने उत्तर प्रदेश की 100 सीटों पर प्रत्याशी उतारे थे। आजमगढ़ की मुबारकपुर विधानसभा सीट से पार्टी के तत्कालीन प्रत्याशी शाह आलम उर्फ गुड्डू जमाली को 36 हजार से अधिक वोट मिले थे। हालांकि, वह जमानत बचाने में सफल नहीं हुए थे। गुड्डू जमाली अब समाजवादी पार्टी के विधान परिषद सदस्य हैं। मुबारकपुर में AIMIM को मिले वोटों का आंकड़ा आजमगढ़ में पार्टी के पिछले चुनावी प्रदर्शन को समझने के लिहाज से अहम है। 50 हजार लोगों के पहुंचने का दावा, 4 हजार से अधिक कुर्सियां लगाईं AIMIM के जिला अध्यक्ष नदीम आरिफ ने दैनिक भास्कर को बताया कि जनसभा में 50 हजार से अधिक लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। इसके लिए 4 हजार से अधिक कुर्सियां लगाई गई हैं। उनके मुताबिक, कार्यक्रम की शुरुआत शाम 4 बजे से होगी और असदुद्दीन ओवैसी के करीब 6 बजे पहुंचने का कार्यक्रम है। सभा को सफल बनाने के लिए प्रदेश और जिला स्तर के पदाधिकारी देर रात तक तैयारियों में जुटे रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)