NHM संविदा कर्मचारियों की हड़ताल खत्म:अधिकारियों से बातचीत के बाद फैसला, ईपीएफ और ग्रेच्युटी का बजट में प्रावधान होगा

Oct 17, 2026 - 16:25
0
NHM संविदा कर्मचारियों की हड़ताल खत्म:अधिकारियों से बातचीत के बाद फैसला, ईपीएफ और ग्रेच्युटी का बजट में प्रावधान होगा
शामली में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के तहत कार्यरत संविदा कर्मचारियों की हड़ताल स्थगित कर दी गई है। राज्य स्तर पर अधिकारियों के साथ हुई वार्ता के बाद स्टेट यूनियन ने आंदोलन स्थगित करने का निर्णय लिया है। इसके बाद शामली में NHM संविदा कर्मचारी संघ ने सभी कर्मचारियों से 17 अक्टूबर से अपने निर्धारित कार्यस्थलों पर पहुंचकर कामकाज संभालने की अपील की है। जिला अध्यक्ष संगीत शर्मा और जिला महामंत्री मुबश्शिर खान ने स्पष्ट किया कि आंदोलन स्थगित होने के बाद भी यदि कोई कर्मचारी हड़ताल पर रहता है, तो इसकी जिम्मेदारी उसकी स्वयं की होगी। 5 अक्टूबर से चरणबद्ध आंदोलन कर रहे थे कर्मचारी NHM संविदा कर्मचारी अपनी विभिन्न मांगों को लेकर 5 अक्टूबर से आंदोलन कर रहे थे। शुरुआती तीन दिनों में कर्मचारियों ने काली फीती बांधकर सांकेतिक विरोध जताया। इसके बाद 8, 9 और 10 अक्टूबर को जिला मुख्यालय पर कार्य बहिष्कार किया गया। मांगों के समर्थन में 12 अक्टूबर से लखनऊ के ईको गार्डन में अनिश्चितकालीन धरना भी शुरू किया गया था। इसी क्रम में 16 अक्टूबर को राज्य स्तर पर अधिकारियों के साथ हुई वार्ता के बाद आंदोलन स्थगित करने का निर्णय लिया गया। शामली में संघ ने कर्मचारियों को इसकी सूचना देते हुए 17 अक्टूबर से काम पर लौटने के निर्देश दिए। वेतन नीति और सामाजिक सुरक्षा पर बनी सहमति 14 अक्टूबर को मिशन निदेशक, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन उत्तर प्रदेश की अध्यक्षता में संगठन के प्रतिनिधियों और मिशन के अधिकारियों के बीच बैठक हुई थी। इसमें कर्मचारियों की वेतन नीति, समान कार्य-समान वेतन, आवास, सामाजिक सुरक्षा, चिकित्सा सुविधा और सेवा शर्तों सहित विभिन्न मांगों पर चर्चा की गई। बैठक के कार्यवृत्त के अनुसार, न्यूनतम वेतन 18 हजार रुपये निर्धारित करने और संवर्गवार वेतन नीति बनाने की मांग पर समिति गठित कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने की बात कही गई। आवास संबंधी मांग पर संबंधित विभाग को पत्र भेजे जाने का उल्लेख है। ईपीएफ और ग्रेच्युटी के लिए राज्य बजट में प्रावधान किए जाने की जानकारी भी दी गई।वहीं, चाइल्ड केयर लीव, अर्जित अवकाश और विशेष अवकाश जैसी मांगों पर मानव संसाधन नीति की समीक्षा के लिए समिति के माध्यम से कार्रवाई की बात कही गई। कुछ मांगों पर तत्काल निर्णय संभव नहीं बताया गया, जबकि अन्य पर शासन या संबंधित समिति के स्तर से आगे की प्रक्रिया प्रस्तावित है। चिकित्सा बीमा, स्थानांतरण और नियमितीकरण की मांगें भी शामिल NHM कर्मचारियों ने अपने और परिवार के लिए 10 लाख रुपये तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा, वार्षिक अनुबंध की व्यवस्था समाप्त करने, स्थानांतरण का अवसर देने और नियमित नियुक्तियों में सेवा अवधि के आधार पर वरीयता देने की मांग भी उठाई थी। इसके अलावा सेवा से हटाए गए कुछ कर्मचारियों की बहाली, कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर्स (CHO) के लिए अलग कैडर, नियमितीकरण की नीति और परफॉर्मेंस बेस्ड इंसेंटिव (PBI) से जुड़ी विसंगतियों के समाधान की मांगें भी वार्ता में शामिल रहीं। इन मुद्दों पर कार्यवृत्त में विभिन्न समितियों, शासन और संबंधित स्तरों पर आगे कार्रवाई किए जाने का उल्लेख है। संघ ने कर्मचारियों से काम पर लौटने की अपील की NHM संविदा कर्मचारी संघ शाखा शामली ने सभी ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधकों और अन्य कर्मचारियों से अपने-अपने अधीक्षकों को सूचना भेजने तथा 17 अक्टूबर से निर्धारित कार्यस्थल पर समय से पहुंचने की अपील की है। संघ ने कहा कि राज्य कमेटी ने मांगों पर हुई वार्ता के बाद आंदोलन स्थगित किया है। आंदोलन स्थगित होने से स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े कामकाज सामान्य होने की उम्मीद है। हालांकि, कर्मचारियों की कई मांगों पर अभी समितियों और शासन स्तर से आगे की कार्रवाई होनी है। ऐसे में अब कर्मचारियों की निगाहें वार्ता में दर्ज बिंदुओं पर होने वाले अमल पर टिकी हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User