नहर में डूबी शिक्षिका का शव 250 मीटर दूर मिला:धनपतगंज में स्कूटी समेत नहर में गिरी थी, पुल की टूटी रेलिंग से हादसे पर ग्रामीणों में नाराजगी
धनपतगंज में नहर में डूबी 21 वर्षीय शिक्षिका अंशू का शव शुक्रवार को घटनास्थल से करीब 250 मीटर दूर पानी में मिला। गुरुवार को स्कूल से छुट्टी के बाद घर लौटते समय अंशू स्कूटी समेत नहर में गिर गई थीं। प्राइवेट गोताखोरों की मदद से उनकी तलाश की जा रही थी। अंशू शिवकरी गांव निवासी रामचंद्र की बेटी थीं। वह हरौरा कस्बे के एक प्राइवेट स्कूल में पढ़ाती थीं और स्नातक की पढ़ाई भी कर रही थीं। गुरुवार को स्कूल से छुट्टी के बाद वह स्कूटी से घर लौट रही थीं। गांव के पास पूरे कुलफत में नहर पुल पार करते समय स्कूटी बेकाबू होकर नहर में गिर गई। लंबे समय से टूटी थी पुल की रेलिंग ग्रामीणों के मुताबिक, नहर पुल की रेलिंग लंबे समय से टूटी हुई थी। हादसे के बाद ग्रामीणों ने पुल की मरम्मत नहीं होने पर नाराजगी जताई। उनका कहना है कि रेलिंग ठीक होती तो हादसा टल सकता था। सूचना पर धनपतगंज पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से तलाश शुरू कराई। शुक्रवार को घटनास्थल से करीब 250 मीटर दूर अंशू का शव बरामद हुआ। पुलिस ने पंचनामा कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अंशू तीन भाइयों की इकलौती बहन थीं। उनकी मौत से परिवार में मातम पसरा है। थाना प्रभारी अंजू मिश्रा ने बताया कि मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)