नीले-ड्रम केस की विवेचना करने वाली पुलिस टीम होगी सम्मानित:दरोगा अनु कॉलिस का नाम भी शामिल, SSP बीबीजीटीएस मूर्ति ने किया ऐलान
नीले ड्रम हत्याकांड में मुस्कान और साहिल को मृत्युदंड की सजा सुनाए जाने के बाद अब इस केस की विवेचना करने वाली पुलिस टीम को सम्मानित किया जाएगा। एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने बुधवार को इसकी घोषणा की। उन्होंने कहा कि मामले में जिन पुलिसकर्मियों ने विवेचना और कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है, उन सभी को प्रशस्ति पत्र के साथ नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। सम्मानित होने वाले पुलिसकर्मियों में महिला दरोगा अनु कॉलिस का नाम भी शामिल है। अनु ही नीले ड्रम हत्याकांड की आरोपी मुस्कान रस्तोगी को गिरफ्तार कर लाई थीं। यह वही महिला दरोगा है जिसका क्यू आर कोड वाला अश्लिल वीडियो वायरल हुआ था फिर वह सस्पेंड हुई थी। हालांकि अब अनु बहाल हो चुकी है इसलिए उसको भी सम्मानित किया जाएगा। दरोगा अनु कॉलिस भी होंगी सम्मानित अनु कॉलिस वर्ष 2023 बैच की महिला दरोगा हैं। अनु कॉलिस अगस्त 2026 में सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक वीडियो और रील वायरल होने के बाद चर्चा में आई थीं। उनके नाम से जुड़े इस मामले के सामने आने पर तत्कालीन एसएसपी ने उन्हें निलंबित कर दिया था। मामले की जांच साइबर सेल को सौंपी गई थी। पुलिस विभाग ने इसे सोशल मीडिया नीति के उल्लंघन से जुड़ा मामला बताया था। बाद में अनु कॉलिस ने सोशल मीडिया पर लाइव आकर अपना पक्ष रखा था। उन्होंने आरोप लगाया था कि उनकी अनुमति के बिना निजी तस्वीरें और वीडियो प्रसारित किए गए। पुलिस के मुताबिक, उनका निलंबन समाप्त हो चुका है और वह बहाल हो गई हैं। हाल ही में अनु कॉलिस पति की हत्या के मामले में आरोपी रविता को पेशी के लिए अदालत लेकर पहुंची थीं। रविता पर आरोप है कि उसने अपने पति की हत्या के लिए सांप का इस्तेमाल किया था। अब नीले ड्रम हत्याकांड में पुलिस टीम को सम्मानित किए जाने की घोषणा के बाद अनु कॉलिस का नाम भी चर्चा में है। हत्याकांड के समय ये अधिकारी थे तैनात जब सौरभ हत्याकांड हुआ था, उस समय विपिन टाडा मेरठ के एसएसपी थे। आयुष विक्रम सिंह एसपी सिटी के पद पर तैनात थे, जबकि अंतरिक्ष जैन कोतवाली क्षेत्र के सीओ और रमाकांत पचौरी ब्रह्मपुरी थाना प्रभारी थे। अब इन अधिकारियों की तैनाती बदल चुकी है। विपिन टाडा कानपुर और आयुष विक्रम सिंह बहराइच में तैनात हैं। अंतरिक्ष जैन का भी तबादला हो चुका है। एसएसपी ने पुलिस और अभियोजन पक्ष को दी बधाई एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने कहा कि नीले ड्रम हत्याकांड में पुलिस और अभियोजन पक्ष के प्रयासों से न्यायालय में प्रभावी पैरवी हुई। उन्होंने कहा कि इस मामले में जिन लोगों ने अच्छा काम किया है, वे सभी प्रशंसा के पात्र हैं। पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र के साथ नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)