निर्मल आश्रम में धार्मिक ग्रंथों के पन्ने जलाने का आरोप:2 पर FIR, श्री गुरु ग्रंथ साहिब समेत अन्य ग्रंथों के पन्ने जलाकर नदी में फेंका
लखीमपुर खीरी के शहर में सेठघाट रोड स्थित निर्मल आश्रम में श्री गुरु ग्रंथ साहिब और अन्य धार्मिक ग्रंथों के पन्ने जलाने के आरोप में पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। नामजद आरोपियों में प्रभुमान सिंह पुत्र लक्ष्मण दास और आश्रम के महंत लक्ष्मण दास शास्त्री शामिल हैं। गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा के जनरल सेक्रेटरी निर्मल सिंह ने 8 अक्टूबर को सदर कोतवाली में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की थी। पुलिस का कहना है कि आरोपों की जांच के बाद ही तथ्यों की पुष्टि हो सकेगी। फोन पर मिली थी घटना की सूचना शिकायत के मुताबिक, 8 अक्टूबर को दोपहर करीब 1:52 बजे निर्मल सिंह को फोन पर सूचना मिली कि निर्मल आश्रम में श्री गुरु ग्रंथ साहिब और अन्य धार्मिक ग्रंथों के पन्ने जला दिए गए हैं। आरोप है कि जले हुए पन्नों को शारदा नदी में बहा दिया गया। इसके बाद सिख समाज के कुछ लोग प्रभुमान सिंह को जले हुए धार्मिक ग्रंथों के पन्नों के साथ पकड़कर गुरुद्वारे ले आए। सूचना मिलने पर निर्मल सिंह भी वहां पहुंचे। महंत पर साजिश का आरोप निर्मल सिंह ने अपनी तहरीर में महंत लक्ष्मण दास शास्त्री पर पूरे घटनाक्रम में साजिश करने का आरोप लगाया है। शिकायतकर्ता का कहना है कि इस घटना से सिख समाज की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने दावा किया कि उनके पास घटना से संबंधित वीडियो भी मौजूद है। आश्रम के जमीन संबंधी दस्तावेज जलाने का भी आरोप शिकायत में आश्रम से जुड़े जमीन के दस्तावेज जलाने और अन्य दस्तावेजों में कथित रूप से गलत तरीके से नाम दर्ज कराने की कोशिश किए जाने का आरोप भी लगाया गया है। शिकायतकर्ता ने दोनों नामजद आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले में लगाए गए आरोपों और उपलब्ध साक्ष्यों की जांच की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)