नकली नोटों से ठगी, गिरोह के 3 सदस्य गिरफ्तार:मथुरा में 1 लाख के बदले 7 लाख नकली नोट देने का झांसा

Oct 02, 2026 - 17:31
0
नकली नोटों से ठगी, गिरोह के 3 सदस्य गिरफ्तार:मथुरा में 1 लाख के बदले 7 लाख नकली नोट देने का झांसा
मथुरा के थाना रिफाइनरी पुलिस ने नकली नोटों के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से करीब 31 लाख रुपये के मनोरंजन बैंक नोट, 32 हजार रुपये असली नकदी, एक स्विफ्ट कार, लैपटॉप, अवैध चाकू और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं। आरोपी एक लाख रुपये के असली नोट के बदले पांच से सात लाख रुपये के नकली नोट देने का झांसा देकर लोगों को ठगते थे। शुक्रवार को एसपी क्राइम श्वेता यादव ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि पुलिस ने गुरुवार रात करीब 9:13 बजे बरेली हाईवे अंडरपास पर कोयला अलीपुर की ओर आने वाले कट के पास से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनकी पहचान लवकुश निवासी गणेशपुरम कॉलोनी, ब्रजमोहन उर्फ इक्का उर्फ बिरजू निवासी कृष्णा धाम कॉलोनी, मथुरा और अनिल निवासी कुंवरपुर, हाथरस के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, 29 सितंबर को गाजियाबाद निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत की थी कि आरोपियों ने व्हाट्सऐप ग्रुप के माध्यम से संपर्क कर उससे चार किलो चांदी और एक लाख रुपये की ठगी की है। जांच के दौरान शिकायतकर्ता के बयानों में कई विरोधाभास मिले। जिस दुकान पर चांदी की जांच कराने की बात कही गई थी, वहां नमकीन की दुकान मिली। सीसीटीवी फुटेज में भी चांदी लाने का कोई प्रमाण नहीं मिला। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि अलवर का लाला नामक व्यक्ति व्हाट्सऐप ग्रुप के जरिए लोगों को उनके पास भेजता था। आरोपी पहले एक असली नोट देकर विश्वास जीतते और फिर मनोरंजन बैंक के नोटों की गड्डियां नकली नोट बताकर थमा देते थे। ठगी की रकम का आधा हिस्सा लाला का साथी ले जाता था, जबकि बाकी रकम आरोपी आपस में बांट लेते थे। पुलिस इस मामले में सचिन निवासी टप्पल, अलीगढ़, लाला और एक अन्य अज्ञात व्यक्ति की तलाश कर रही है। आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User