ननि कराएगा देवकाली एवं पाटेश्वरी मंदिर की सफाई -सजावट:दुर्गा पूजा और रामलीला के मद्देनजर महापौर ने नगर आयुक्त के साथ किया निरीक्षण
दुर्गा पूजा और रामलीला के मद्देनजर नगर निगम शहर के प्रमुख देवी मंदिरों की साफ-सफाई और सजावट कराएगा। महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने शनिवार को नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार के साथ मंदिरों और रामलीला स्थलों का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए।
महापौर शनिवार की सुबह आठ बजे बड़ी देवकाली मंदिर पहुंचे। उन्होंने तालाब के फुटपाथ और श्रद्धालुओं के आवागमन मार्गों की सफाई कराने, काई हटवाने तथा चूना का छिड़काव कराने के निर्देश दिए। मंदिर परिसर में प्रकाश व्यवस्था बेहतर बनाने और कुंड की सफाई कराने को भी कहा। महापौर ने मां देवकाली का दर्शन-पूजन किया। मंदिर के महंत सुनील पाठक ने उन्हें पूजन कराया।
मंदिर के सामने खोदी गई गली में गंदा पानी बहता देख महापौर ने नाराजगी जताई। उन्होंने निर्माण कार्य अधूरा छोड़ने वाले ठेकेदार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
फतेहगंज मार्ग पर रामलीला मैदान की ओर जाते समय जेपी शुक्ला के घर के पास नाली का निर्माण अधूरा मिलने पर भी उन्होंने नाराजगी जताई। यहाँ नगर आयुक्त ने मिट्टी हटवाकर रास्ते को आवागमन योग्य बनाने के निर्देश दिए।
वजीरगंज स्थित रामलीला मैदान पहुंचकर महापौर ने वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। स्थानीय लोगों की मांग पर उन्होंने वाटर कूलर और हैंडपंप लगवाने के निर्देश दिए। छावनी जाने वाले मार्ग पर जलभराव की समस्या देखकर सड़क को ऊंचा करने के लिए एस्टीमेट तैयार कराने को कहा।
इसके बाद महापौर स्थानीय पार्षद सलीम और अधिकारियों के साथ हैदरगंज मार्ग पर पैदल नाले तक पहुंचे। नाले के निर्माण के बाद किनारे मिट्टी की पटाई कराने की जरूरत बताई गई। स्थानीय लोगों ने भारी वाहनों के आवागमन से गली क्षतिग्रस्त होने की समस्या भी उठाई। इस पर महापौर ने गली की मरम्मत कराने और मिट्टी पटाई का कार्य तत्काल पूरा करने के निर्देश दिए। पाटेश्वरी मंदिर में लाइटिंग और ओपन जिम की सुविधा
निरीक्षण के अंतिम चरण में महापौर पाटेश्वरी मंदिर पहुंचे। दर्शन-पूजन के बाद उन्होंने मंदिर परिसर का निरीक्षण किया। पार्षद प्रतिनिधि अजय पांडेय के आग्रह पर मंदिर में लाइटिंग लगवाने और बच्चों के लिए झूला लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने परिसर में ओपन जिम की व्यवस्था कराने और कुंड के सौंदर्यीकरण का भी भरोसा दिलाया।
नगर निगम के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश पांडेय ने बताया कि महापौर ने मछली मंडी में साइन बोर्ड लगाने, पेयजल की व्यवस्था करने और शौचालय का निर्माण कराने के संबंध में भी निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त डॉ. नागेंद्र नाथ, जोनल अधिकारी सुभाष त्रिपाठी, मुख्य सफाई निरीक्षक राजेश झा, भाजपा मंडल अध्यक्ष हेमंत जायसवाल, पूर्व अध्यक्ष आलोक द्विवेदी, पूर्व पार्षद मनोज श्रीवास्तव, सुबोध चतुर्वेदी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)