नोएडा की 5 मौतों पर पुलिस को मिला नया सुराग:ऑनलाइन मंगाए सोडियम नाइट्राइट की भी जांच, महेश की 8 ऑडियो रिकॉर्डिंग भी सामने आई
ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा कोतवाली क्षेत्र के नगला पदमसिंह गांव में एक ही परिवार के पांच सदस्यों की मौत के मामले में मृतक महेश की 8 ऑडियो रिकॉर्डिंग जांच का अहम हिस्सा बन गई हैं। पुलिस के मुताबिक, करीब 20 दिनों के दौरान बनाई गई इन रिकॉर्डिंग में महेश ने अपनी बहन और जीजा को जिम्मेदार ठहराया, लेकिन मां चंद्रवती के खिलाफ कोई आरोप नहीं लगाया। पुलिस ऑडियो की प्रामाणिकता की जांच फॉरेंसिक लैब से करा रही है। वहीं, ऑनलाइन मंगाए गए रसायन और विसरा रिपोर्ट के आधार पर मौतों की वजह का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। महेश जमीन के मुआवजे और पुश्तैनी मकान को लेकर परेशान था जांच में सामने आया है कि महेश गांव की जमीन के मुआवजे और दिल्ली स्थित पुश्तैनी मकान को लेकर परेशान था। बताया जाता है कि उसकी मां चंद्रवती ने 18 अगस्त 2025 को मकान अपनी बड़ी बेटी सुनीता के नाम कर दिया था। इसकी जानकारी मिलने के बाद महेश खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहा था। ग्रामीणों के अनुसार, वह पहले भी आत्महत्या करने की बात कहता था। पुलिस रिकॉर्डिंग में कही गई बातों और पारिवारिक विवाद के बीच संबंध की जांच कर रही है। सोडियम नाइट्राइट के दो पैकेट मंगाने की जांच पुलिस सूत्रों के अनुसार, 11 जुलाई को महेश के बेटे साक्षात के नाम पर बनी साक्षा फर्म के लिए गाजियाबाद से सोडियम नाइट्राइट के 500-500 ग्राम के दो पैकेट मंगाए गए थे। इनकी कीमत 1296 रुपये बताई गई है। पुलिस ऑर्डर करने वाले व्यक्ति, विक्रेता और डिलीवरी से जुड़े रिकॉर्ड खंगाल रही है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि इस खरीद का पांचों की मौत से कोई संबंध है या नहीं। विसरा रिपोर्ट का इंतजार 17 अक्टूबर को महेश, उसकी पत्नी ललिता और तीन बच्चों के शव मिलने के बाद से पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पांचों के विसरा नमूने जांच के लिए गाजियाबाद की प्रयोगशाला भेजे गए हैं। रिपोर्ट से मौत के कारणों और किसी जहरीले पदार्थ की संभावित भूमिका स्पष्ट होने में मदद मिलेगी। पुलिस मोबाइल फोन, ऑडियो रिकॉर्डिंग और ऑनलाइन खरीदारी से जुड़े डिजिटल साक्ष्यों की भी पड़ताल कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)