26 अक्टूबर को मेडा की शुद्धि बुद्धि करेगा व्यापार संघ:प्राधिकरण के विरोध में कभी काले झंडे तो कभी पुतला फूंकने की कोशिश
मेरठ विकास प्राधिकरण (एमडीए) की नीतियों के विरोध में संयुक्त व्यापार संघ ने आंदोलन तेज करने का ऐलान किया है। बाजारों में काले झंडे लगाकर विरोध जताने के बाद व्यापारियों ने घंटाघर पर एमडीए का पुतला फूंकने की कोशिश की। हालांकि, पुलिस ने पुतला छीन लिया। अब व्यापारियों ने 26 अक्टूबर को एमडीए की बुद्धि-शुद्धि के लिए यज्ञ करने की घोषणा की है। संयुक्त व्यापार संघ के अध्यक्ष नवीन गुप्ता ने बताया कि बुद्धि-शुद्धि यज्ञ कर एमडीए को सद्बुद्धि देने की प्रार्थना की जाएगी। व्यापारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो आंदोलन आगे भी जारी रहेगा। उनका कहना है कि वे अपने अधिकारों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों को बचाने के लिए संघर्ष करते रहेंगे। बीते दिन भी व्यापारियों ने मेडा का पुतला फूंकने की कोशिश की लेकिन पुलिस ने ऐसा नहीं होने दिया। इस दौरान लगभग 15 मिनट तक पुलिस और व्यापारियों के बीच सड़क पर खूब खींचतान हुई। जिसके बाद व्यापारियों ने पुतले की लूट की तहरीर भी देहली गेट थाने में दी। सुप्रीम कोर्ट में आए फैसले के बाद व्यापारियों ने पहले भी विभिन्न बाजारों में काले झंडे लगाकर प्राधिकरण के खिलाफ नाराजगी जाहिर की। व्यापारियों का कहना है कि प्राधिकरण की नीतियों से व्यापारियों में असंतोष है। एमडीए को अपनी नीतियों पर पुनर्विचार करना चाहिए और व्यापारियों का उत्पीड़न बंद करना चाहिए। व्यापारियों ने कहा कि पुतला छीनने जैसी कार्रवाई से उनका विरोध कमजोर नहीं होगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)