नोएडा में केमिकल फैक्ट्री में लगी आग:सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची, 3 घंटे में पाया काबू
सेंट्रल नोएडा के बादलपुर थाना क्षेत्र के धूम मानिकपुर में शुक्रवार देर रात पेंट बनाने वाली केमिकल फैक्ट्री में आग लग गई। आग रात करीब 2 बजे लगी। कुछ ही देर में आग ने फैक्ट्री के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। आग की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंच गई। फैक्ट्री के अंदर मौजूद सभी कर्मचारियों और अन्य लोगों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हादसे में किसी के घायल होने या मौत की सूचना नहीं है। 21 दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं आग इतनी तेजी से फैली कि फैक्ट्री परिसर में खड़े कुछ वाहन भी इसकी चपेट में आ गए। जिला दमकल अधिकारी प्रदीप कुमार ने बताया कि आग बुझाने के लिए 21 दमकल गाड़ियों को मौके पर लगाया गया। फैक्ट्री में केमिकल और पेंट से जुड़ी सामग्री होने के कारण आग बुझाने में दमकल कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। करीब 3 से 4 घंटे की लगातार कोशिश के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका। शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, आग के सही कारण और फैक्ट्री में हुए नुकसान का आकलन अभी किया जा रहा है। फायर विभाग और पुलिस की टीम मामले की जांच कर रही है। आग से फैक्ट्री में कितना नुकसान हुआ है, इसकी जानकारी जांच के बाद सामने आएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)