नोएडा में कुत्ते ने महिला और पग पर किया हमला:पग की मौत, महिला जमीन पर गिरी, ग्रैंड ओमेक्स सोसाइटी की घटना

Oct 11, 2026 - 21:42
0
नोएडा में कुत्ते ने महिला और पग पर किया हमला:पग की मौत, महिला जमीन पर गिरी, ग्रैंड ओमेक्स सोसाइटी की घटना
सेक्टर-93बी स्थित ग्रैंड ओमेक्स सोसाइटी में बिना मजल के टहलाए जा रहे रामपुर ग्रेहाउंड नस्ल के कुत्ते ने एक महिला और उसके छोटे पालतू कुत्ते पर हमला कर दिया। हमले में महिला जमीन पर गिर गई, जबकि बड़े कुत्ते ने ब्लैक पग को जबड़े में दबाकर बुरी तरह नोच डाला। कुछ ही देर में छोटे कुत्ते पग की मौत हो गई। घटना का करीब सवा दो मिनट का वीडियो सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्म पर वायरल हो रहा है। वीडियो में आसपास मौजूद लोग छोटे कुत्ते को बचाने की कोशिश करते दिखाई दे रहे हैं, लेकिन वे उसे नहीं बचा सके। मामले में फेज-दो थाना पुलिस ने वीडियो का संज्ञान लिया है। क्या है वायरल वीडियो इसे समझे वायरल वीडियो में दिख रहा है कि सोसाइटी के अंदर एक महिला अपने छोटे पालतू कुत्ते को टहला रही है। आसपास कई अन्य लोग भी सुबह की सैर कर रहे हैं। इसी दौरान एक व्यक्ति बड़े कुत्ते को लेकर वहां पहुंचता है। कुत्ते के मुंह पर मजल नहीं लगी है। अचानक बड़ा कुत्ता महिला और उसके पालतू कुत्ते की तरफ झपटता है। हमले से महिला अपना संतुलन खोकर जमीन पर गिर जाती है। इसके बावजूद वह अपने पालतू कुत्ते को बचाने का प्रयास करती है। वीडियो में आगे दिखता है कि बड़ा कुत्ता छोटे पग को अपने जबड़े में दबा लेता है और लगातार नोचने लगता है। महिला उसे बचाने की कोशिश करती है। आसपास मौजूद लोग भी बड़े कुत्ते को हटाकर छोटे कुत्ते को छुड़ाने का प्रयास करते हैं। हालांकि, काफी कोशिशों के बावजूद वे सफल नहीं हो पाते। हमले में छोटे कुत्ते की मौत हो जाती है। नहीं मिली लिखित शिकायत फेज-दो थाना पुलिस का कहना है कि घटना के संबंध में अभी तक कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने वायरल वीडियो का खुद संज्ञान लिया है। घटना के संबंध में आगे की जांच और कार्रवाई की जानकारी अभी सामने नहीं आई है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User