नोएडा में वोटर लिस्ट पर सपा का सवाल:25 हजार डुप्लीकेट-संदिग्ध नामों के बाद 10-15 हजार और प्रविष्टियां मिलने का दावा, जांच की मांग
नोएडा विधानसभा-61 की मतदाता सूची में डुप्लीकेट और संदिग्ध प्रविष्टियों के साथ पात्र मतदाताओं के नाम हटाए जाने के आरोप को लेकर समाजवादी पार्टी ने निर्वाचन विभाग से जांच की मांग की है। सेक्टर-22 में प्रेस वार्ता के दौरान सपा नोएडा महानगर अध्यक्ष डॉ. आश्रय गुप्ता ने कहा कि संगठन ने इससे पहले 3 जून को करीब 25 हजार डुप्लीकेट और संदिग्ध मतदाताओं से जुड़े दस्तावेज निर्वाचन अधिकारियों को दिए थे। उनका दावा है कि अब दोबारा परीक्षण में 10 से 15 हजार और ऐसी प्रविष्टियां सामने आई हैं। सपा का कहना है कि करीब चार महीने बीतने के बाद भी पहले दिए गए दस्तावेजों पर अपेक्षित एक्शन नहीं लिया गया। पार्टी ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त और जिला निर्वाचन अधिकारी, गौतमबुद्ध नगर से शिकायतों की स्वतंत्र जांच कराने और कार्रवाई की जानकारी सार्वजनिक करने की मांग की है। अलग-अलग एपिक नंबर पर एक ही नाम का दावा
डॉ.आश्रय गुप्ता ने कहा कि संगठन को कुछ ऐसे मामले मिले हैं, जिनमें एक ही व्यक्ति के नाम से अलग-अलग एपिक नंबर के साथ एक से अधिक मतदाता प्रविष्टियां दिखाई दे रही हैं। उन्होंने हेमंत कीड़ों और प्रदीप कुमार शर्मा कौशल के नाम का उदाहरण देते हुए कहा कि ऐसे मामलों का सत्यापन निर्वाचन विभाग को दस्तावेजों के आधार पर करना चाहिए। उन्होंने कहा कि सपा का उद्देश्य किसी वास्तविक मतदाता का नाम हटाना नहीं, बल्कि मतदाता सूची को सही और पारदर्शी बनाना है। जिन नामों और EPIC नंबरों को लेकर शिकायत दी गई है, उनकी बूथ स्तर से लेकर निर्वाचन अधिकारी स्तर तक जांच होनी चाहिए। बीएलएस के नाम भी हटने का दावा
विधानसभा अध्यक्ष बबलू चौहान और महानगर उपाध्यक्ष एवं मीडिया प्रभारी गौरव कुमार यादव ने आरोप लगाया कि पार्टी की ओर से निर्वाचन अधिकारियों को बीएलए की सूची देने के बावजूद कुछ बीएलए और लंबे समय से क्षेत्र में रह रहे मतदाताओं के नाम भी सूची से हटे मिले हैं। उन्होंने सेक्टर-63 के कुलभूषण शर्मा, सोरखा के सुभाष वर्मा, सर्फाबाद के सतपाल यादव और मोहम्मद इमरान समेत अन्य लोगों के नामों का उदाहरण दिया। सपा नेताओं ने कहा कि ऐसे मामलों की व्यक्तिगत जांच कर पात्र मतदाताओं के नाम सुरक्षित रखे जाने चाहिए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)