नवागत एसपी ने कानून-व्यवस्था की समीक्षा की:छोटी घटनाओं को गंभीरता से लें, जनशिकायतों का पांच दिन में करें निस्तारण
मऊ में पुलिस अधीक्षक सर्वेश कुमार मिश्रा ने शुक्रवार देर शाम पुलिस लाइन सभागार कक्ष में कानून-व्यवस्था एवं अपराध समीक्षा गोष्ठी आयोजित कर पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार, समस्त क्षेत्राधिकारी, प्रभारी निरीक्षक, थानाध्यक्ष एवं विभिन्न शाखाओं के प्रभारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान एसपी ने जिले में अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और जनशिकायतों के प्रभावी निस्तारण सहित विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि छोटी-छोटी घटनाओं को भी गंभीरता से लिया जाए और समय रहते आवश्यक विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि कोई घटना बड़ा रूप न ले सके। गंभीर घटनाओं पर तत्काल पहुंचे अधिकारी एसपी ने निर्देश दिया कि किसी भी गंभीर घटना की सूचना मिलने पर संबंधित अधिकारी तत्काल घटनास्थल का निरीक्षण करें और उच्चाधिकारियों को पूरी स्थिति से अवगत कराएं। अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए नियमित पैदल गश्त, पिकेट ड्यूटी और बीट पुलिसिंग व्यवस्था को मजबूत करने पर जोर दिया गया। लूट की घटनाओं की रोकथाम के लिए पूर्व में संलिप्त अपराधियों का अभियान चलाकर सत्यापन करने तथा उनके विरुद्ध प्रभावी निरोधात्मक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए। गोवध, अवैध शराब और संगठित अपराध पर सख्ती पुलिस अधीक्षक ने गोवध के मामलों में संलिप्त आरोपियों के विरुद्ध गुंडा एवं गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई करने को कहा। अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन पर प्रभावी रोक लगाने के लिए संभावित क्षेत्रों में लगातार चेकिंग और दबिश देने के निर्देश दिए। साथ ही संगठित अपराध और अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
महिला अपराधों और जमीन विवादों पर विशेष ध्यान एसपी ने महिला संबंधी अपराधों में संलिप्त आरोपियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। जमीन से जुड़े विवादों में राजस्व विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर मौके पर पहुंचने और समस्याओं का समाधान कराने को कहा। थाना दिवस एवं संपूर्ण समाधान तहसील दिवस में प्राप्त शिकायतों का पांच दिन के भीतर निस्तारण करने तथा निस्तारण की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। त्योहारों पर सुरक्षा और सोशल मीडिया की निगरानी
आगामी त्योहारों को देखते हुए भीड़भाड़ वाले स्थानों पर गश्त एवं पिकेट की व्यवस्था करने और संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने को कहा गया। सभी थानों को पीस कमेटी की बैठक आयोजित कर आवश्यक दिशा-निर्देश देने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा सोशल मीडिया पर सतर्क निगरानी रखने और अफवाहों का तत्काल खंडन करने को कहा गया। एसपी ने अधिकारियों को जनशिकायतों एवं आईजीआरएस प्रार्थना पत्रों का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने तथा आवश्यकतानुसार मौके पर जाकर स्थिति का सत्यापन करने के निर्देश दिए। उन्होंने अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी अधिकारियों को जिम्मेदारी के साथ कार्य करने पर जोर दिया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)