नवमी पर सिद्धिदात्री के दरबार में उमड़े श्रद्धालु:दर्शन को लगी लंबी कतार,पुजारी बोले-सभी सिद्धियों को प्रदान करती है माता
शारदीय नवरात्र की नवमी पर सोमवार को काशी में मां सिद्धिदात्री के दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। मैदागिन स्थित गोलघर के सिद्धमाता गली में मां सिद्धिदात्री के प्राचीन मंदिर में मंगला आरती के साथ ही दर्शन का क्रम शुरू हो गया। सुबह से ही माता के दर्शन के लिए भक्तों की लंबी कतार लगी रही। मंदिर परिसर जय माता दी के जयकारों से गूंज उठा। नवरात्र के अंतिम दिन मां के दर्शन-पूजन के लिए वाराणसी के साथ आसपास के जिलों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, मां सिद्धिदात्री सभी सिद्धियों को प्रदान करने वाली देवी हैं। उनकी आराधना से भक्तों को यश, विद्या, बुद्धि और बल की प्राप्ति होती है। मान्यता है कि सच्चे मन से मां की पूजा करने वाले भक्तों की मनोकामनाएं पूरी होती हैं। नवमी पर दर्शन से नौ दिनों के पूजन का पुण्य मंदिर के पुजारी बच्चा लाल मिश्र ने बताया कि मां सिद्धिदात्री के दरबार में जो भी भक्त सच्चे मन से पूजा-अर्चना करता है, उसकी मनोकामनाएं पूरी होती हैं। मान्यता है कि जो श्रद्धालु नवरात्र के शुरुआती आठ दिनों में देवी के दर्शन नहीं कर पाते, वे नवमी के दिन मां सिद्धिदात्री के दर्शन-पूजन कर नौ दिनों की आराधना का पुण्य प्राप्त कर सकते हैं। इसी विश्वास के साथ बड़ी संख्या में भक्त मां के दरबार में पहुंच रहे हैं। सुरक्षा के लिए तैनात रही पुलिस नवमी पर श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए मंदिर के आसपास सुरक्षा के इंतजाम किए गए। दर्शन के लिए पहुंचने वाले भक्तों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई। मंदिर में दिनभर दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)