नवंबर में गोरखपुर क्षेत्र के दौरे पर आएंगे PM मोदी:कुशीनगर में कृषि विश्वविद्यालय का लोकार्पण करेंगे; जनसभा भी होगी

Oct 17, 2026 - 17:45
0
नवंबर में गोरखपुर क्षेत्र के दौरे पर आएंगे PM मोदी:कुशीनगर में कृषि विश्वविद्यालय का लोकार्पण करेंगे; जनसभा भी होगी
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी नवंबर में गोरखपुर क्षेत्र के दौरे पर आएंगे। वह कुशीनगर जिले में स्थापित कृषि विश्वविद्यालय का लोकार्पण करेंगे। यहां आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर सूचना प्रशासन एवं भाजपा नेतृत्व को मिल चुकी है। इसके लिहाज से तैयारी भी की जा रही है। प्रशासन की ओर से जनसभा के लिए स्थान की तलाश की जा रही है। कृषि विश्वविद्यालय के साथ ही मोदी कुछ अन्य विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास करेंगे। मोदी के इस दौरे को उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिहाज से अहम माना जा रहा है। एक तरह से भाजपा की चुनावी जनसभाओं का आगाज भी है। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए रणनीति पर काम शुरू कर दिया गया है। प्रधानमंत्री के हाथों कृषि विश्वविद्यालय के लोकार्पण की चर्चा काफी दिनों से थी। नवंबर में उनका कार्यक्रम लगभग तय है। पूर्वांचल में बनेगा माहौल प्रधानमंत्री के इस दौरे से पूर्वांचल में भाजपा का माहौल बनेगा। इस जनसभा से सीधे तौर पर कुशीनगर, गोरखपुर, महराजगंज व देवरिया में असर पड़ेगा। विधानसभा चुनाव का नोटिफिकेशन जारी होने से 2 महीने पहले आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम को भाजपा की दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। गोरखपुर क्षेत्र की 62 विधानसभा सीटों पर इसका असर जाएगा। मंच पर मुख्यमंत्री के साथ ही सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर एवं निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डा. संजय निषाद भी उपस्थित रह सकते हैं। जल्द ही जनसभा के लिए स्थान फाइनल कर दिया जाएगा। ऐतिहासिक भीड़ जुटाने की तैयारी प्रधानमंत्री के इस आगमन पर ऐतिहासिक भीड़ जुटाने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए गोरखपुर क्षेत्र के सभी प्रमुख पदाधिकारियों को जिम्मेदारी दी जाएगी। हालांकि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष से लेकर क्षेत्रीय अध्यक्ष तक, सभी शिक्षक एमएलसी चुनाव की तैयारी में जुटे हैं। इस चुनाव के लिए 23 अक्टूबर को मतदान होगा। उसके बाद पार्टी का फोकस प्रधानमंत्री के कार्यक्रम पर होगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User