नवरात्र के पहले दिन 4 लाख श्रद्धालु पहुंचेंगे विंध्याचल धाम:300 पंडा समाज के सदस्य संभालेंगे व्यवस्था, 144 खंभों पर दिखेगी भारतीय संस्कृति की झलक
मिर्जापुर। शारदीय नवरात्र में मां विंध्यवासिनी के दरबार में आस्था का सैलाब उमड़ने की संभावना है। नवरात्र के पहले दिन ही 4 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा, सुगम दर्शन, पार्किंग और पेयजल की व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। भारी पुलिस बल के साथ श्रीविंध्य पंडा समाज के 300 सदस्य भी श्रद्धालुओं की सुविधा और व्यवस्था संभालने में लगाए जाएंगे। नवरात्र मेले के दौरान विंध्याचल में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए भीड़ नियंत्रण और दर्शन-पूजन की व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। प्रशासन का प्रयास है कि मंदिर पहुंचने वाले भक्तों को दर्शन के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो। प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था बनाए रखने और श्रद्धालुओं की आवाजाही सुचारु रखने की भी तैयारी की गई है। 144 खंभों पर दिखेगी भारतीय संस्कृति की झलक इस बार विंध्याचल धाम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को विंध्य कॉरिडोर की भव्यता भी आकर्षित करेगी। कॉरिडोर के 144 खंभों पर भारतीय संस्कृति और परंपराओं को दर्शाते भित्ति चित्र उकेरे गए हैं। इन चित्रों के माध्यम से देश की सांस्कृतिक विरासत की झलक देखने को मिलेगी। मां विंध्यवासिनी के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालु धार्मिक आस्था के साथ इन कलाकृतियों को भी निहार सकेंगे। पार्किंग और पेयजल की व्यवस्था श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विभिन्न मार्गों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है, ताकि वाहनों के दबाव से यातायात प्रभावित न हो। लंबी कतारों में लगने वाले भक्तों को पेयजल उपलब्ध कराने के लिए आरओ लगाए गए हैं। मेले के दौरान बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने और व्यवस्था बनाए रखने पर जोर दिया जा रहा है। पुलिस बल के साथ पंडा समाज भी संभालेगा जिम्मेदारी नवरात्र के दौरान मंदिर और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस बल तैनात रहेगा। श्रीविंध्य पंडा समाज के अध्यक्ष पंकज द्विवेदी ने बताया कि पंडा समाज के 300 सदस्यों की ड्यूटी लगाई गई है। प्रशासन की कोशिश है कि भारी भीड़ के बावजूद देश के विभिन्न हिस्सों से आने वाले भक्त मां विंध्यवासिनी के दर्शन सुगमता से कर सकें।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)