नवरात्रि-दशहरा से पहले मऊ में डीआईजी ने की समीक्षा:पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर दिए निर्देश, थाने का भी किया औचक निरीक्षण

Oct 13, 2026 - 08:37
0
नवरात्रि-दशहरा से पहले मऊ में डीआईजी ने की समीक्षा:पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर दिए निर्देश, थाने का भी किया औचक निरीक्षण
मऊ में नवरात्र और दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सोमवार देर शाम डीआईजी सुनील कुमार सिंह ने पुलिस लाइन में पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की। पुलिस अधीक्षक सर्वेश कुमार मिश्रा की मौजूदगी में कानून-व्यवस्था और सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा की गई। डीआईजी ने सभी अधिकारियों को त्योहारों के दौरान सतर्कता और मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रमुख दुर्गा पूजा पंडालों, मंदिरों, रामलीला स्थलों, संवेदनशील स्थानों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने को कहा। नियमित पैदल गश्त, भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने पर जोर दिया। सोशल मीडिया पर भ्रामक और आपत्तिजनक सूचनाओं की निगरानी करने, अफवाहों का तत्काल खंडन करने और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए। आयोजन समितियों, स्थानीय संभ्रांत व्यक्तियों और संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर कार्यक्रम संपन्न कराने को भी कहा। थाना दक्षिण टोला का किया औचक निरीक्षण बैठक के बाद डीआईजी ने एसपी के साथ थाना दक्षिण टोला का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत महिला हेल्प डेस्क की कार्यप्रणाली का जायजा लिया और महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों में आवश्यक निर्देश दिए। थाने के अभिलेखों और रजिस्टरों की समीक्षा कर उन्हें अद्यतन रखने को कहा। साथ ही निर्धारित अवधि में लंबित विवेचनाओं का समय से निस्तारण करने पर जोर दिया। डीआईजी ने पीआरवी वाहनों की स्थिति की जानकारी लेकर त्योहारों के दौरान उन्हें कार्यशील रखने के निर्देश दिए। एसआईएमटी को भी वाहनों के रखरखाव के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, ताकि आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके। अवैध आतिशबाजी के खिलाफ अभियान चलाने के निर्देश आगामी नवरात्र, दशहरा और चुनावों के मद्देनजर डीआईजी ने सभी थाना प्रभारियों को अवैध आतिशबाजी के निर्माण और भंडारण के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने आगामी एमएलसी और विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए भी सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा की। अधिकारियों और कर्मचारियों से जिम्मेदारी व सतर्कता के साथ ड्यूटी निभाने और आमजन में सुरक्षा की भावना बनाए रखने को कहा। बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक, सभी क्षेत्राधिकारी, प्रभारी निरीक्षक, थानाध्यक्ष और विभिन्न शाखाओं के प्रभारी मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User