नवरात्रि पर खाद्य विभाग ने की छापेमारी:तेल, दूध और पनीर समेत 10 नमूने जांच के लिए भेजे

Oct 17, 2026 - 12:20
0
नवरात्रि पर खाद्य विभाग ने की छापेमारी:तेल, दूध और पनीर समेत 10 नमूने जांच के लिए भेजे
मथुरा में नवरात्रि पर्व के दौरान आमजन और श्रद्धालुओं को स्वच्छ एवं गुणवत्तायुक्त खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जनपद में छापेमारी अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा विभाग की सचल टीम ने बाजना और कोसीकलां में विभिन्न प्रतिष्ठानों पर छापेमारी कर सरसों के तेल, रिफाइंड सोयाबीन तेल, कुट्टू के आटे, हल्दी पाउडर, पनीर और दूध समेत कुल 10 नमूने संग्रहित किए। सभी नमूनों को जांच के लिए राजकीय खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया है। खाद्य सुरक्षा अधिकारी द्वितीय डॉ. जतिन कुमार सिंह के निर्देशन और मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी केके त्रिपाठी के नेतृत्व में टीम ने यह कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान बाजना स्थित बांके बिहारी ट्रेडर्स से सरसों के तेल, रिफाइंड सोयाबीन तेल, कुट्टू के आटे और हल्दी पाउडर का एक-एक नमूना लिया गया। इसके अलावा रिषी डेयरी से पनीर और मिश्रित दूध के एक-एक नमूने संग्रहित किए गए। इसी क्रम में स्वाद मिल्क प्रोडक्ट से पनीर और मिश्रित दूध के एक-एक नमूने लिए गए। वहीं, कोसीकलां स्थित सिंघल डेयरी से भी पनीर और मिश्रित दूध का एक-एक नमूना संग्रहित किया गया। इस प्रकार खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने चार प्रतिष्ठानों से कुल 10 नमूने लेकर जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, नवरात्रि के दौरान व्रत रखने वाले श्रद्धालु बड़ी संख्या में कुट्टू का आटा, दूध, पनीर और अन्य खाद्य पदार्थों का सेवन करते हैं। ऐसे में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करना विभाग की प्राथमिकता है। छापेमारी का उद्देश्य बाजार में बिकने वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच करना और उपभोक्ताओं को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है। अधिकारियों ने बताया कि राजकीय खाद्य प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नमूनों की गुणवत्ता के आधार पर संबंधित प्रतिष्ठान संचालकों के विरुद्ध नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। छापेमारी दल में खाद्य सुरक्षा अधिकारी धर्मेंद्र सिंह और दिनेश कुमार भारती शामिल रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User