नवरात्रि से एक दिन पहले खाद्य विभाग की कार्रवाई:59 किलो घी किया जब्त, कुट्टू आटा और मेवा के भी लिए नमूने
आगरा में नवरात्रि शुरू होने से एक दिन पहले शनिवार को खाद्य सुरक्षा विभाग ने शहर और जिले के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई की। टीम ने कुट्टू और सिंघाड़े के आटे से लेकर घी, पनीर, काजू और किशमिश तक के नमूने लिए। वहीं, कमला नगर स्थित ओम सुमिन्या डेयरी से 59 किलोग्राम घी जब्त किया गया। इसकी कीमत 38,350 रुपए बताई गई है। विभाग ने कुल आठ प्रतिष्ठानों पर नमूना संग्रह की कार्रवाई की। नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने दिल्ली गेट स्थित डी-मार्ट से पंसारी ब्रांड के कुट्टू और सिंघाड़े के आटे के नमूने लिए। रुनकता की धर्मा डेयरी, खेरागढ़ के ब्रथला स्थित अपनी सहेली प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड और बाह रोड के जरार स्थित मिल्कम फूड्स से घी के नमूने लिए गए। न्यू आगरा स्थित ब्लिंकिट कॉमर्स प्राइवेट लिमिटेड से भी कुट्टू और सिंघाड़े के आटे के नमूने लिए गए। नई की मंडी में ऋषभ जैन के प्रतिष्ठान से काजू और किशमिश के नमूने संग्रहित किए गए। कमला नगर की ओम सुमिन्या डेयरी से घी का नमूना लेने के साथ 59 किलो घी सीज किया गया। वहीं, फतेहाबाद के इरादत नगर स्थित पूजा डेयरी से घी और पनीर के नमूने लिए गए। विभाग ने पूजा डेयरी के संबंध में सुधार सूचना जारी करने की संस्तुति भी की है। सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। रिपोर्ट मिलने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत आगे की कार्रवाई होगी। विभाग ने खाद्य कारोबारियों से मानकों का पालन करने और उपभोक्ताओं को सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने की अपील की है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)