ओपन जिम में छात्र ने लगाई फांसी:कक्षा सात में पढ़ता था, माता-पिता के आने पर होगा पोस्टमार्टम
इटावा में सिविल लाइन थाना क्षेत्र के विजयपुरा गांव में सोमवार सुबह पंचायत के ओपन जिम में 13 वर्षीय छात्र सिद्धार्थ मिश्रा का शव साड़ी के फंदे पर संदिग्ध परिस्थितियों में लटका मिला। ग्रामीणों की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने शव को फंदे से उतरवाकर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के कारणों का पता नहीं चल सका है। मृतक की पहचान सिद्धार्थ मिश्रा पुत्र योगेश मिश्रा निवासी विजयपुरा के रूप में हुई है। वह कक्षा सात का छात्र था। जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 11 बजे गांव के पास स्थित पंचायत के ओपन जिम में उसका शव लटका मिला। ग्रामीणों ने इसकी जानकारी परिवार को दी, जिसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे। सूचना मिलने पर सिविल लाइन थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई। सिद्धार्थ के ताऊ ने बताया कि परिवार के लोग खेत पर काम कर रहे थे, तभी गांव से फोन आया कि सिद्धार्थ का शव फंदे पर लटका हुआ है। उन्होंने बताया कि सिद्धार्थ उनके छोटे भाई ध्रुव के पास रहता था। उसके पिता योगेश मिश्रा दिल्ली में काम करते हैं, जबकि उसकी मां अपनी बेटी के साथ मायके में रहती हैं। सिद्धार्थ अपने चाचा ध्रुव के साथ ही रह रहा था। ताऊ के मुताबिक, घर में ऐसी कोई बात नहीं हुई थी, जिससे घटना की वजह समझ में आ सके। उन्हें जानकारी नहीं है कि सिद्धार्थ ने यह कदम क्यों उठाया। परिवार की ओर से उसके माता-पिता को घटना की सूचना दे दी गई है। उनके आने का इंतजार किया जा रहा है। वहीं, पुलिस ने शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। माता-पिता के पहुंचने के बाद मंगलवार सुबह पोस्टमार्टम कराए जाने की बात कही गई है। पुलिस घटना से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटा रही है। जिला अस्पताल के डॉक्टर राघवेंद्र सिंह ने बताया कि एक बच्चे को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया था। परिजनों के अनुसार, बच्चे का शव फंदे पर लटका मिला था। डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)