पानी टंकी पर चढ़कर खुदकुशी को धमकाने वाली पर FIR:प्रयागराज में 16 घंटे बाद उतरी थी, जाम लगाने में 50 अन्य पर भी केस
प्रयागराज में पानी की टंकी पर चढ़कर आत्महत्या की धमकी देने और हाईवे जाम कराने के मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है। सिविल लाइंस पुलिस ने पूनम दुबे, उसके तीन बेटों प्रियांशु, हिमांशु और दिव्यांशु समेत करीब 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान हाईवे जाम कर दिया गया था, जिससे वाहनों की लंबी कतार लग गई और कई एंबुलेंस भी जाम में फंस गई थीं। एकलव्य चौराहे के पास की घटना
पुलिस की ओर से दी गई तहरीर के मुताबिक, 2 अक्टूबर को एकलव्य चौराहे के पास हाईकोर्ट पास काउंटर पर महिला और पुरुषों ने बैरियर लगाकर कानपुर रोड को जाम कर दिया था। इसी दौरान पूनम दुबे जल निगम की पानी की टंकी पर चढ़ गई थीं। वह पुलिस और प्रशासन को धमकी दे रही थीं कि भगवतपुर गांव में मंदिर के बगल बन रही पक्की सड़क का काम नहीं रोका गया तो वह आत्महत्या कर लेंगी।
पुलिस का आरोप है कि पूनम दुबे के बेटे प्रियांशु, हिमांशु और दिव्यांशु के साथ करीब 50 अन्य लोगों ने सड़क जाम कर रखा था। पुलिसकर्मियों ने कई बार समझाकर जाम खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन लोग अपनी मांग पर अड़े रहे। वाहनों की कतार लगी, एंबुलेंस भी फंसी
तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि जाम के कारण हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई थी। कई एंबुलेंस भी जाम में फंस गईं, जिससे मरीजों को समय से अस्पताल पहुंचने में परेशानी हुई। करीब शाम 5 बजे जाम खुल सका, जबकि पूनम दुबे इसके बाद भी पानी की टंकी पर चढ़ी रहीं। पुलिस ने शुरू की जांच पड़ताल
इस मामले में सिविल लाइंस पुलिस ने पूनम दुबे, उनके तीन बेटों और करीब 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। सिविल लाइंस थाना प्रभारी रामाश्रय यादव ने बताया कि नामजद आरोपियों की तलाश की जा रही है। साथ ही वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर अज्ञात लोगों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पहली बार लिया गया एक्शन
प्रयागराज में पानी की टंकी पर चढ़कर मांगें उठाने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। एक दर्जन से ज्यादा मामले पिछले कुछ महीनों में सामने आ चुके हैं। हालांकि यह पहली बार है जब ऐसे किसी मामले में पुलिस की ओर से एक्शन लिया गया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)