फैजुल्लागंज बाढ़ का प्रभारी मंत्री ने किया निरीक्षण:50 हजार लोग प्रभावित; 10-12 दिन चलेगा सफाई अभियान
लखनऊ के फैजुल्लागंज इलाके में गोमती नदी का जलस्तर बढ़ने से गंभीर जलभराव की स्थिति बन गई है। इस आपदा से क्षेत्र के लगभग 6,500 घर और 50 हजार लोग प्रभावित हुए हैं। स्थिति का जायजा लेने के लिए उत्तर प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने शुक्रवार को फैजुल्लागंज के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने नगर निगम के कंट्रोल रूम पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की और अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए। नगर निगम के काम की तारीफ की मंत्री सुरेश खन्ना ने महापौर सुषमा खर्कवाल, नगर आयुक्त गौरव कुमार और निगम की टीम द्वारा चलाए जा रहे राहत कार्यों की प्रशंसा की। प्रभावित क्षेत्रों में शुद्ध पेयजल के लिए नियमित रूप से टैंकर भेजने के निर्देश दिए गए हैं। लोगों को दूषित पानी से बचने के लिए फिलहाल समर्सिबल पंप का इस्तेमाल न करने की सलाह दी गई है। महापौर सुषमा खर्कवाल ने नगर आयुक्त को निर्देश दिए हैं कि निगम के सभी उपलब्ध जल टैंकर और मोबाइल टॉयलेट तुरंत प्रभावित क्षेत्रों में तैनात किए जाएं। एक हफ्ते में उतरेगा पानी अधिकारियों का अनुमान है कि पानी पूरी तरह उतरने में लगभग एक हफ्ता लगेगा। इसके बाद भी संक्रमण के खतरे को रोकने के लिए अगले 10 से 12 दिनों तक युद्धस्तर पर सफाई, फॉगिंग और सैनिटाइजेशन अभियान चलाया जाएगा। भविष्य में ऐसी समस्याओं से स्थायी रूप से निपटने के लिए नदी के किनारे बंधा बनाने और कॉलोनियों के नियमितीकरण को लेकर ठोस कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। शासन और प्रशासन का कहना है कि स्थिति पूरी तरह सामान्य होने तक राहत और पुनर्वास के कार्य निरंतर जारी रहेंगे, ताकि हर जरूरतमंद परिवार तक समय पर सहायता पहुंचाई जा सके।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)