फिरोजाबाद में एक ही परिसर में होगी रामलीला और दुर्गा-पूजा:दोनों कमेटियों में बनी सहमति, कल होगा भूमिपूजन
फिरोजाबाद के टूंडला में रामलीला और दुर्गा पूजा महोत्सव को लेकर पिछले कुछ दिनों से चल रही दुविधा गुरुवार को खत्म हो गई। अब दोनों बड़े धार्मिक आयोजन ठाकुर बीरी सिंह महाविद्यालय के एक ही परिसर में होंगे। रामलीला और दुर्गा पूजा कमेटी के सदस्यों के बीच सहमति बनने के बाद दोनों समितियों ने आपसी सहयोग से आयोजन को भव्य रूप देने का फैसला किया है। गुरुवार शाम करीब 4:30 बजे दोनों कमेटियों के सदस्यों ने परिवार होटल में संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने बताया कि दोनों धार्मिक आयोजनों के बीच किसी तरह का विवाद न हो, इसके लिए कमेटी के सदस्य और कार्यकर्ता एक-दूसरे का सहयोग करेंगे। आयोजन स्थल पर व्यवस्थाएं बेहतर रखने के साथ श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाएगा। रामलीला कमेटी के अध्यक्ष रघु धाकरे ने बताया कि शुक्रवार दोपहर 12 बजे रामलीला मंचन स्थल के लिए भूमि पूजन किया जाएगा। इसके बाद आयोजन की तैयारियां तेज कर दी जाएंगी। उन्होंने कहा कि दोनों आयोजन एक ही परिसर में होंगे, लेकिन दोनों कमेटियां अपनी-अपनी व्यवस्थाएं आपसी तालमेल के साथ संभालेंगी। दूसरा गेट खोलने पर बनी सहमति दुर्गा पूजा कमेटी के अध्यक्ष रंजीत गुप्ता ने बताया कि प्रशासन के साथ हुई बातचीत में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जरूरी सहयोग का आश्वासन मिला है। श्रद्धालुओं की भीड़ को सुगमता से बाहर निकालने के लिए परिसर का दूसरा गेट खुलवाने पर भी सहमति बनी है। इन व्यवस्थाओं के बाद दुर्गा पूजा कमेटी ने भी एक ही परिसर में रामलीला आयोजन पर सहमति जताई। संयुक्त मीडिया कार्यालय बनाने की तैयारी दोनों कमेटियों के सदस्यों ने बताया कि आयोजन स्थल पर संयुक्त मीडिया कार्यालय बनाने की तैयारी है। यहां रामलीला और दुर्गा पूजा से जुड़ी जानकारी और व्यवस्थाओं की सूचना उपलब्ध कराई जाएगी। कमेटियों ने प्रशासन से आयोजन के दौरान पर्याप्त पुलिस बल उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं और दर्शकों की भीड़ को व्यवस्थित तरीके से संभाला जा सके। दोनों कमेटियों के सदस्यों ने कहा कि रामलीला और दुर्गा पूजा दोनों धार्मिक आयोजन हैं। इनका उद्देश्य श्रद्धालुओं को बेहतर धार्मिक और सांस्कृतिक माहौल उपलब्ध कराना है। आपसी सहयोग और तालमेल के साथ दोनों आयोजनों को सफल बनाने की तैयारी की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)