फिरोजाबाद में केमिकल युक्त कचरे में लगी आग:जहरीले धुएं से 4 श्रमिकों का दम घुटा; ट्रामा सेंटर में भर्ती, पुलिस ने शुरू की जांच
फिरोजाबाद के हिमायूंपुर में शनिवार रात गोदाम के बाहर पड़े केमिकल युक्त कचरे में अचानक आग लग गई। कचरे से उठे तेज धुएं के कारण गोदाम में काम कर रहे चार श्रमिकों की हालत बिगड़ गई। सांस लेने में परेशानी होने पर सभी को सरकारी ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हिमायूंपुर निवासी श्याम सुंदर का क्षेत्र में ही गोदाम है। यहां 20 वर्षीय प्रिया, 18 वर्षीय पूजा, 35 वर्षीय रूबी निवासी ममता नगर और 40 वर्षीय मीरा काम कर रही थीं। इसी दौरान गोदाम के बाहर रखे केमिकल युक्त कचरे में आग लग गई। कुछ ही देर में कचरे से तेज धुआं उठने लगा और गोदाम के अंदर तक पहुंच गया। धुएं से चारों श्रमिकों की बिगड़ी हालत जहरीला धुआं गोदाम में भरने से चारों श्रमिकों का दम घुटने लगा। उनकी हालत बिगड़ने पर गोदाम स्वामी और अन्य श्रमिक बाहर निकल आए। आसपास के लोगों ने मुंह पर कपड़ा बांधकर आग बुझाने का प्रयास किया। इसके बाद गोदाम स्वामी ने अन्य लोगों की मदद से चारों श्रमिकों को ई-रिक्शा से सरकारी ट्रामा सेंटर पहुंचाया। चिकित्सकों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए भर्ती कर उपचार शुरू कर दिया। थाना प्रभारी योगेंद्र पाल सिंह ने बताया कि गोदाम के बाहर केमिकल युक्त कचरे में आग लगने की सूचना मिली है। मामले की जांच की जा रही है। जहरीली गैसों से हो सकता है जान का खतरा वरिष्ठ फिजीशियन डॉ. नितिन गुप्ता ने बताया कि केमिकल युक्त कचरा जलने से कार्बन मोनोऑक्साइड और हाइड्रोजन साइनाइड जैसी विषाक्त गैसें निकल सकती हैं। इनके संपर्क में आने से व्यक्ति बेहोश हो सकता है। अधिक मात्रा में गैस शरीर में पहुंचने पर जान का खतरा भी रहता है। उन्होंने बताया कि ऐसे मामलों में प्रभावित व्यक्ति को तत्काल खुले स्थान पर ले जाना चाहिए और कपड़े ढीले कर देने चाहिए। सांस रुकने की स्थिति में सीपीआर देते हुए तुरंत चिकित्सकीय सहायता लेनी चाहिए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)