पहले दिन ही मैदान में बिगड़ी अभ्यर्थियों की तबीयत:बेहोशी से होश में आते ही एक अभ्यर्थी दौड़ने लगा, अस्पताल में कराया भर्ती

Oct 05, 2026 - 09:28
0
पहले दिन ही मैदान में बिगड़ी अभ्यर्थियों की तबीयत:बेहोशी से होश में आते ही एक अभ्यर्थी दौड़ने लगा, अस्पताल में कराया भर्ती
यूपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती की शारीरिक दक्षता परीक्षा (फिजिकल) सोमवार से मेरठ की छठी वाहिनी पीएसी में शुरू हो गई। छह दिन चलने वाली इस परीक्षा के पहले दिन करीब 900 अभ्यर्थी प्रतिभाग कर रहे हैं। इन्हें चार से पांच बैच में मैदान में उतारा जा रहा है। परीक्षा के दौरान 25 मिनट में 4.8 किलोमीटर की दौड़ पूरी करने की चुनौती है। सुबह दौड़ शुरू होने के करीब एक घंटे बाद ही मैदान से अभ्यर्थियों की तबीयत बिगड़ने और कुछ के गिरने की सूचनाएं आने लगीं। इसके बाद एंबुलेंस को भी लगातार अस्पताल की ओर दौड़ते देखा गया। दौड़ के बीच बिगड़ी हालत, अस्पताल भेजे गए अभ्यर्थी फिजिकल में शामिल होने आए अभ्यर्थियों के मुताबिक दौड़ शुरू होने के कुछ देर बाद ही कई प्रतिभागियों को परेशानी होने लगी। कुछ अभ्यर्थियों के मैदान में गिरने की सूचना मिली। उनकी हालत को देखते हुए मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्काल चिकित्सकीय मदद उपलब्ध कराई और एंबुलेंस से उन्हें पास के अस्पतालों में भेजा गया। अभ्यर्थियों के अनुसार, सुबह से ही फिजिकल को लेकर मैदान में कड़ी निगरानी थी। दौड़ पूरी करने के लिए निर्धारित समय और दूरी को लेकर अभ्यर्थियों पर खासा दबाव भी दिखाई दिया। चार किलोमीटर दौड़ने के बाद बेहोश हुआ अभ्यर्थी दूसरे बैच में एक अभ्यर्थी की हालत बिगड़ने की घटना ने सभी का ध्यान खींचा। प्रत्यक्षदर्शी अभ्यर्थियों के मुताबिक, वह करीब चार किलोमीटर दौड़ने के बाद अचानक बेहोश होकर गिर गया। कुछ देर बाद जब उसे होश आया तो उसने फिर दौड़ना शुरू कर दिया। अभ्यर्थियों का कहना है कि वह सामान्य स्थिति में नहीं लग रहा था और पुलिसकर्मियों के रोकने के बावजूद दौड़ता रहा। स्थिति बिगड़ती देख पुलिसकर्मियों ने उसे काबू किया और तत्काल अस्पताल भिजवाया। प्रतिबंधित दवा की चर्चा, आधिकारिक पुष्टि नहीं घटना के बाद फिजिकल में शामिल अभ्यर्थियों के बीच यह चर्चा भी फैल गई कि संबंधित अभ्यर्थी ने प्रतिबंधित दवा का इस्तेमाल किया था। अभ्यर्थियों ने दावा किया कि मैदान के अंदर इसी तरह की चर्चा चल रही थी। हालांकि, प्रतिबंधित दवा के सेवन की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। संबंधित अभ्यर्थी की चिकित्सकीय जांच के बाद ही उसकी हालत बिगड़ने की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। एडमिट कार्ड और आधार की जांच के बाद प्रवेश छठी वाहिनी पीएसी में फिजिकल को लेकर सुरक्षा और प्रवेश व्यवस्था कड़ी रखी गई है। अभ्यर्थियों के अलावा किसी अन्य व्यक्ति को परिसर के अंदर प्रवेश नहीं दिया जा रहा है। मैदान में उतरने से पहले अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड और आधार कार्ड का सत्यापन किया जा रहा है। प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही उन्हें फिजिकल परीक्षा के लिए भेजा जा रहा है। छठी वाहिनी में छह दिन चलेगा फिजिकल छठी वाहिनी पीएसी में यूपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती की शारीरिक दक्षता परीक्षा छह दिन तक चलेगी। पहले दिन करीब 900 अभ्यर्थियों को चार से पांच बैच में परीक्षा में शामिल कराया जा रहा है। प्रत्येक अभ्यर्थी को निर्धारित समय में 4.8 किलोमीटर की दौड़ पूरी करनी है। पहले दिन ही कई अभ्यर्थियों की तबीयत बिगड़ने से स्वास्थ्य और सुरक्षा व्यवस्था पर भी खासा दबाव नजर आया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User