पहलवान ब्रह्मानंद यादव हत्याकांड का खुलासा, पांच आरोपी गिरफ्तार:संतकबीरनगर में प्रधानी के चुनाव से चल रहा था विवाद, गैंती और मिर्च पाउडर बरामद
संतकबीरनगर में पहलवान ब्रह्मानंद यादव की हत्या के मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक, प्रधानी चुनाव की पुरानी रंजिश के चलते वारदात को अंजाम दिया गया। गुरुवार को पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने मामले का खुलासा किया। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने पहले रास्ते में ब्रह्मानंद यादव की बाइक रोक ली। इसके बाद उनकी आंखों में पिसी हुई लाल मिर्च डाल दी। मिर्च पड़ने से ब्रह्मानंद बाइक से गिर गए। आरोप है कि इसके बाद पांचों आरोपियों ने लाठी-डंडों से उन पर हमला किया। राकेश यादव ने अपने घर में रखी लोहे की गैंती से ब्रह्मानंद के सिर और शरीर के कई हिस्सों पर वार किए। गंभीर रूप से घायल ब्रह्मानंद को स्थानीय लोगों ने 112 नंबर पर सूचना देकर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चार बांस के डंडे, एक लोहे की गैंती और वारदात में इस्तेमाल लाल मिर्च पाउडर बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपियों में भकठान गोसाईपुर निवासी अभिमन्यु यादव, अजय यादव, रामस्वरूप यादव, संजय यादव और राकेश यादव शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, चार आरोपियों को 23 सितंबर की रात बयारा रोड पर मंझरिया रेलवे क्रॉसिंग के पास से गिरफ्तार किया गया। वहीं, राकेश यादव को महाराजगंज जिले के भिठौली थाना क्षेत्र में शिकारपुर नहर पुलिया तिराहे से पकड़ा गया। रास्ते में रोककर आंखों में डाली मिर्च पुलिस के अनुसार, 22 सितंबर को ब्रह्मानंद यादव बाइक से गिढ़ीनी बाजार जा रहे थे। जब वह राकेश यादव के घर के सामने पहुंचे, तभी आरोपियों ने उनकी बाइक रोक ली। इसके बाद उनकी आंखों में पिसी हुई लाल मिर्च डाल दी गई, जिससे वह बाइक से गिर गए। आरोप है कि इसके बाद आरोपियों ने लाठी-डंडों से हमला किया और राकेश यादव ने लोहे की गैंती से कई वार किए। मारपीट के बाद बढ़ी थी रंजिश पुलिस पूछताछ में राकेश यादव ने कथित तौर पर पुरानी रंजिश की बात बताई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने बताया कि गांव के प्रधान रमाकांत यादव, उनके भाई ब्रह्मानंद यादव और श्रीकांत यादव से उसका विवाद चल रहा था। पूछताछ में 18 मई 2026 को हुई मारपीट की घटना का भी जिक्र किया गया। पुलिस का कहना है कि इसी रंजिश के चलते आरोपियों ने ब्रह्मानंद यादव को रास्ते से हटाने और आगामी प्रधानी चुनाव में रमाकांत यादव को हराने की योजना बनाई थी। गांव से बाहर भागने की तैयारी में थे आरोपी पुलिस के अनुसार, पूछताछ में राकेश यादव ने बताया कि हमला करने के बाद आरोपियों को विश्वास हो गया था कि ब्रह्मानंद की मौत हो चुकी है। इसके बाद वे अपने घर के पास लाठी-डंडों के साथ खड़े रहे। पुलिस की कार्रवाई के डर से आरोपी गांव से बाहर निकलने की तैयारी में थे। इसी दौरान पुलिस टीम ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)