फर्जी जमानत दाखिल कर बेल लेने वाला गैंगस्टर अरेस्ट:फर्जी जमानत लेने वाले सिंडिकेट ने बेल करायी थी, 25 हजार का इनाम था
कानपुर में फर्जी जमानत दाखिल कर बेल लेने के मामले में कोतवाली पुलिस ने मंगलवार को 25 हजार के इनामी गैंगस्टर को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर धोखाधड़ी और जालसाजी के जरिए अदालत में फर्जी जमानतदार पेश करने का आरोप है। नवंबर 2020 में गैंगस्टर कोर्ट में फर्जी जमानतदारों के सिंडिकेट का खुलासा हुआ था। जांच में कई आपराधिक मामलों में एक ही व्यक्ति के बार-बार जमानतदार बनने की बात सामने आई थी। इस मामले में कोर्ट के क्लर्क की तहरीर पर 73 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी। पुलिस अब तक करीब 54 आरोपियों को जेल भेज चुकी है, जबकि 19 आरोपी अभी फरार हैं। फर्जी जमानत लेकर हासिल की थी बेल गोविंद नगर के रामआसरे नगर निवासी वीरेंद्र गुप्ता उर्फ गुड्डू भी इस मामले में नामजद है। उसके खिलाफ वर्ष 2019 में बर्रा थाने में गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज हुआ था। आरोप है कि उसने फर्जी जमानतदारों के सिंडिकेट से सांठगांठ कर अदालत से जमानत हासिल की थी। 10 नवंबर 2020 को अदालत के आदेश के अनुपालन में गैंगस्टर कोर्ट के लिपिक किरन शंकर घोष ने मुकदमों की पत्रावलियों की जांच की थी। इस दौरान कई आपराधिक मामलों में एक ही व्यक्ति के बार-बार जमानतदार बनने का मामला सामने आया। जांच में आरोप लगा कि सिंडिकेट के सदस्यों ने फर्जी दस्तावेजों और झूठे हलफनामों के सहारे जमानत हासिल की। जमानतदारों ने अदालत को यह जानकारी भी नहीं दी कि वे पहले दूसरे मामलों में जमानत दे चुके हैं। इसके बाद कोतवाली थाने में 73 आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया था। लूट के 6 मुकदमों में भी आरोपी एसीपी कोतवाली अमित कुमार पांडेय ने बताया कि वीरेंद्र गुप्ता के खिलाफ बर्रा थाने में कुल 8 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें 6 मामले लूट के हैं। फर्जी जमानत और जालसाजी के मामले में डीसीपी पूर्वी ने उस पर 25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। इनाम घोषित होने के बाद से आरोपी फरार चल रहा था। मंगलवार को कोतवाली पुलिस ने उसे गोविंद नगर इलाके से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)