फर्जी पासपोर्ट पर विदेश भागे 10 आरोपी, एलओसी जारी:2020-21 में 101 पासपोर्ट में हेराफेरी मिली थी, 25 आरोपी जेल भेजे गए

Oct 05, 2026 - 09:28
0
फर्जी पासपोर्ट पर विदेश भागे 10 आरोपी, एलओसी जारी:2020-21 में 101 पासपोर्ट में हेराफेरी मिली थी, 25 आरोपी जेल भेजे गए
संतकबीरनगर में फर्जी पते पर पासपोर्ट बनवाकर विदेश भागे 10 आरोपी अब भी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। इन आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 23 मई 2023 को लुक आउट सर्कुलर (LOC) जारी किया गया था। फर्जी पासपोर्ट प्रकरण में अब तक 25 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। विवेचना में कुल 36 आरोपी प्रकाश में आए हैं, जबकि एक आरोपी की नामजदगी गलत पाई गई है। जांच में वर्ष 2020-21 के दौरान कुल 101 पासपोर्ट के सत्यापन में हेराफेरी सामने आई थी। इनमें 96 ऐसे लोगों के पासपोर्ट सत्यापित किए गए थे, जो दर्शाए गए पते पर रहते ही नहीं थे या दूसरे जिलों के निवासी थे। कई लोगों के नाम-पते गलत दर्शाए गए थे। कुछ ऐसे लोगों का भी पासपोर्ट सत्यापित कर दिया गया था, जिनके खिलाफ आपराधिक मुकदमे दर्ज थे। जांच के मुताबिक, करीब 47 लोग फर्जी नाम-पते पर पासपोर्ट बनवाकर कांगो, दुबई, बैंकॉक, कुवैत, इराक, थाईलैंड और सऊदी अरब समेत कई देशों में चले गए। मामले में पासपोर्ट सत्यापन से जुड़े पुलिसकर्मियों और बिचौलियों की भूमिका भी सामने आई। पूर्व एसपी के आदेश पर शुरू हुई थी जांच पासपोर्ट सत्यापन में अनियमितता की शिकायत पर तत्कालीन एसपी सत्यजीत गुप्ता ने तत्कालीन सीओ अंशुमान मिश्रा से जांच कराई थी। जांच में गड़बड़ी सामने आने के बाद मार्च 2023 में कोतवाली खलीलाबाद में पासपोर्ट सेल प्रभारी रहे एसआई कामेश्वर मिश्रा, एलआईयू शाखा के दीवान मनोज पटेल और बिचौलिया वीरेंद्र यादव के खिलाफ जालसाजी, भ्रष्टाचार और पासपोर्ट एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना आगे बढ़ने पर आरोपियों की संख्या बढ़ती गई और अब तक कुल 36 आरोपी प्रकाश में आए हैं। इनमें से 25 को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। फर्जी नाम और पते से पासपोर्ट बनवाकर विदेश जाने वाले आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 23 मई 2023 को LOC जारी किया गया था। इन आरोपियों की गिरफ्तारी बाकी विवेचना में विजय सिंह पुत्र जयप्रकाश सिंह निवासी ग्राम जगदीशपुर भलुआन, थाना गगहा, गोरखपुर, राजू पुत्र गेन्दा निवासी नेहरू चौक, थाना कोतवाली खलीलाबाद, संतकबीरनगर, राघव कुमार पुत्र राम आधार निवासी इमिलडीहा, थाना कोतवाली खलीलाबाद, संतकबीरनगर, अखिलेश पुत्र सुभाष प्रसाद निवासी गुलाम मंझरिया, थाना कोतवाली खलीलाबाद, संतकबीरनगर और जयप्रकाश यादव पुत्र दिनेश यादव निवासी गांधीनगर, मुखलिसपुर रोड, खलीलाबाद के नाम सामने आए हैं। पुलिस के मुताबिक, इनमें कुछ आरोपियों ने फर्जी नाम-पते का इस्तेमाल किया था। राजू का वास्तविक नाम भोला कुमार पुत्र रंजीत यादव निवासी ग्राम छपरा, गोरखपुर बताया गया है। राघव कुमार का वास्तविक नाम अमरजीत यादव पुत्र बेनी यादव निवासी ग्राम बेलही भोपगढ़, गोरखपुर और अखिलेश का वास्तविक नाम कमलेश यादव पुत्र सुभाष यादव निवासी ग्राम मनोकिशुनपुर, पोस्ट खजुरी बाबू, थाना गगहा, गोरखपुर बताया गया है। 10 नामजद आरोपी और अज्ञात की गिरफ्तारी बाकी विवेचक एवं सीओ सदर प्रियम राजशेखर पांडेय ने बताया कि फर्जी पासपोर्ट प्रकरण में अब तक 36 आरोपियों को नामित किया गया है। इनमें 25 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि एक आरोपी की नामजदगी गलत पाई गई। 10 नामित आरोपियों के अलावा अज्ञात अभियुक्तों की गिरफ्तारी भी बाकी है। शेष आरोपियों को पकड़ने के लिए LOC जारी किया गया है और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User