फर्जी फर्म बनाकर 2.22 करोड़ के GST फर्जीवाड़े का आरोप:कोलकाता की जराना खातून के खिलाफ FIR, बिना माल खरीदे-बेचे फर्जी बिलिंग से ITC
गोंडा में फर्जी फर्म बनाकर 2.22 करोड़ रुपए के जीएसटी फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। राज्य कर विभाग की शिकायत पर शुक्रवार देर रात करीब 11 बजे कोलकाता निवासी जराना खातून के खिलाफ धोखाधड़ी समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। राज्य कर विभाग के अनुसार, ‘सर्वश्री भगवंत इंटरप्राइजेज’ नाम से फर्म का जीएसटी पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन कराया गया था। आरोप है कि इसके लिए फर्जी बिजली बिल, किरायानामा और अन्य जाली दस्तावेजों का इस्तेमाल किया गया। बिना खरीद-बिक्री के दिखाया कारोबार जांच में सामने आया कि फर्म सिर्फ कागजों पर चल रही थी। मौके पर जांच के दौरान किसी तरह की वास्तविक कारोबारी गतिविधि नहीं मिली। विभागीय रिकॉर्ड के मुताबिक, फर्म ने वास्तविक माल की खरीद-बिक्री किए बिना फर्जी बिलिंग के जरिए कारोबार दिखाया। अक्टूबर 2025 में करीब 45.55 लाख रुपए का आउटवर्ड सप्लाई कारोबार दर्ज किया गया। इसके बाद जुलाई 2026 में करीब 11.94 करोड़ रुपए का टर्नओवर दिखाया गया। 2.22 करोड़ के ITC का किया दावा विभाग के मुताबिक, फर्जी टर्नओवर की आड़ में करीब 2.22 करोड़ रुपए के इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) का अनुचित दावा किया गया। इससे सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया गया। मामला सामने आने के बाद 27 अगस्त को फर्म का जीएसटी पंजीकरण निलंबित कर दिया गया। FIR दर्ज, जांच शुरू राज्य कर अधिकारी की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। नगर कोतवाल बिंदेश्वरी मणि त्रिपाठी ने बताया कि शुक्रवार देर रात मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस फर्म के दस्तावेजों, कथित लेनदेन और फर्जी बिलिंग से जुड़े पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)